10 लाख का पैकेज था नशा लील गया
मैं एक सामान्य परिवार में जन्मा था। पढ़ाई में औसत था। बीटेक में अच्छे अंक आए तो कॉलेज से ही प्लेसमेंट मिल गया। तब तक मैं नशे से बेहद दूर था। नौकरी की शुरुआत ही 10 लाख रुपये सालाना पैकेज से हुई। दिल्ली में नौकरी करने लगा तो कुछ साथी शराब पीते थे। उनके साथ शराब पीने लगा। पता ही नहीं लगा कि कब वीकेंड की पार्टिंया रोजाना में तब्दील हो गईं। शादी के लिए भी रिश्ते आ रहे थे। इसी बीच कुछेक साथियों को नशीली गोलियां खाते देखा। मैंने केवल प्रयोग के तौर पर एक गोली खाई। महज एक महीने में ही मैं शराब से इन गोलियों पर शिफ्ट हो गया। अब न काम में मन लगता था और न रिश्तों की फिक्र रही। बार-बार छुट्टियां लीं तो ऑफिस के कई प्राजेक्ट पूरे नहीं कर पाया। नौकरी से निकाल दिया गया तो अपने घर आ गया। यहां नशा मुक्ति केंद्र में रहा लेकिन कोई लाभ नहीं हुआ। एक वर्ष पहले परिजनों ने पुलिस से संपर्क किया। पुलिस की काउसलिंग और कुछेक दवाओं के प्रयोग से अब पूरी तरह नशा छोड़ चुका हूं। फिर से काम शुरू किया पैकेज पहले जितना नहीं लेकिन संतुष्ट हूं कि मेरे हाथ में मेरी जिंदगी है।
बीच में छूटी पढ़ाई अब दुकान पर काम कर पाल रहा पेट
मैं पढ़ाई में बहुत अच्छा था। गांव से परिजनों ने देहरादून पढ़ने भेज दिया। यहां पर स्नातक प्रथम वर्ष में ही कुछ बाहरी युवाओं के संपर्क में आ गया। नशे की शुरुआत मैंने चरस पीने से की। कई महीने साथियों के साथ इसी तरह से चरस पीने लगा। पता नहीं कब स्मैक की लत लग गई। घर से ट्यूशन आदि के लिए जो पैसे मिलते थे उनसे नशे की पूर्ति करने लगा। मैं पूरे-पूरे दिन हॉस्टल में रहने लगा। धीरे-धीरे कॉलेज जाना भी बंद कर दिया। पहले ही सेमेस्टर में फेल हो गया। परिजनों को जब पता चला तो उन्होंने बहुत समझाया मगर किसी की नहीं सुनी। नशा नहीं मिलता था तो ऐसा लगता था कि कोई मुझे मारने की कोशिश कर रहा है। परिजन घर ले आए और नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती होना पड़ा। तीन महीने नशा मुक्ति केंद्र में बिताए। नशा कम जरूर हुआ लेकिन अब भी मन करता था। दून पुलिस की टीम ने कई दिनों तक काउसलिंग की। इसके बाद दृढ़ इच्छा की और पूरी तरह से नशा छोड़ चुका हूं।
इन नंबरों पर कर सकते हैं कॉल
देहरादून जिले में पुलिस की काउंसिलिंग के लिए एंटी नार्कोटिक्स टास्क फोर्स कंट्रोल रूम के नंबर 9410522545 पर कॉल किया जा सकता है। फिलहाल पुलिस की टीम ही काउसलिंग करती है। अब जल्द ही यहां पर मनोवैज्ञानिकों का सहयोग भी लिया जाएगा। इस नंबर पर नशा बिक्री की शिकायत भी की जा सकती है।
नशा बिक्री होते देख एसटीएफ के अंतर्गत एएनटीएफ को भी कॉल किया जा सकता है।
ये हैं नंबर-
01352656202
9412029536