गंभीर बीमारी के बावजूद पटना और दिल्ली एम्स में महिला के उपचार में हो रहे विलंब के चलते एक्टर सोनू सूद ने उसके त्वरित इलाज के लिए ऋषिकेश एम्स से संपर्क साधा। जहां विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने महिला रोगी की गहनता से जांच की। एम्स के सर्जिकल गैस्ट्रो विभाग के विशेषज्ञों की टीम ने महिला का सफलतापूर्वक ऑपरेशन किया।
सफल सर्जरी करने वाली टीम में वैस्कुलर सर्जरी के डॉ. मधुर उनियाल, शल्य चिकित्सा के डॉ. अभिषेक अग्रवाल और एनेस्थिसिया विभाग के डॉ. वाईएस पयाल, डॉ. अजीत कुमार शामिल थे। डीन एकेडमिक प्रोफेसर मनोज गुप्ता ने बताया कि महिला का यह ऑपरेशन बहुत ही चुनौतीपूर्ण था। महिला के ट्यूमर का ऑपरेशन बीती 11 सितंबर को किया गया, जबकि 20 सितंबर को महिला को छुट्टी दे दी गई है।
महिला के सफल ऑपरेशन के लिए फिल्म अभिनेता सोनू सूद ने ट्वीटर और फेसबुक पर एम्स ऋषिकेश का विशेष आभार व्यक्त किया है।
उन्होंने उल्लेख किया कि जब पटना और दिल्ली एम्स में उक्त महिला के उपचार की व्यवस्था नहीं हो पाई तो ऋषिकेश एम्स ने न केवल महिला की जान बचाई, बल्कि कम समय में उसे ठीक कर डिस्चार्ज भी कर दिया।
इसके लिए एक्टर सूद ने निदेशक एम्स पद्मश्री प्रोफेसर रवि कांत सहित ऑपरेशन टीम के विशेषज्ञ चिकित्सकों का भी आभार जताया।