जौलीग्रांट एयरपोर्ट की नई टर्मिनल बिल्डिंग का लोकार्पण कर केंद्रीय नागर विमानन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि हवाई अड्डा होने पर किसी भी क्षेत्र का आर्थिक विकास तेजी से होता है। कहा कि नागर विमानन और पर्यटन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं।
केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने पूरी टर्मिनल बिल्डिंग का अवलोकन किया। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड ऐतिहासिक प्रदेश है। नागर विमानन और पर्यटन एक ही सिक्के के दो पहलू हैं। हवाई अड्डे से सुविधाएं, रोजगार और अनेक लाभ मिलते हैं। कहा कि सौंदर्य के प्रदेश उत्तराखंड के विकास के लिए हर स्तर पर प्रयास करेगा। कहा कि प्रयास रहेगा है कि उत्तराखंड़ में अंतरराष्ट्रीय स्तर का हवाई अड्डा बन सके। उन्होंने कहा कि सरकार का प्रयास है कि हवाई चप्पल पहनने वाला हवाई यात्रा कर सके, इसके लिए प्रयास हो रहे हैं।
केंद्रीय राज्य मंत्री जनरल वीके सिंह ने कहा कि उत्तराखंड सैनिक प्रदेश है। कहा कि राज्य में हवाई सेवाओं के साथ सड़कों का जाल बिछाने की योजना पर काम चल रहा है। नए हैलीपेड बनाने की दिशा में भी विचार हो रहा है। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि केंद्रीय मंत्री सिंधिया में निर्णय लेने की उद्भुत क्षमता है। राज्य की हवाई सेवाओं के विस्तार के लिए केंद्रीय मंत्री से हर स्तर पर मदद मिल रही है। उन्होंने कहा कि हवाई सेवाओं से ही अफगानिस्तान फंसे भारतीयों को सुरक्षित लाया जा सका।
एयरपोर्ट पर दिखेगी उत्तराखंड संस्कृति की झलक
देश दुनिया से आने वाले पर्यटकों व यात्रियों को जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचते ही उत्तराखंड की कला और संस्कृति की झलक देखने को मिलेगी। नए टर्मिनल भवन में बदरीनाथ, केदारनाथ, गंगोत्री व यमुनोत्री के साथ हेमकुंड साहिब, तीर्थ नगरी हरिद्वार, ऋषिकेश को चित्रकला से उकेरा गया। इसके अलावा ब्रह्मकमल के साथ उत्तराखंड प्राचीन लोक कला व संस्कृति को प्रदर्शित किया गया है। केंद्रीय नागरिक उड्डयन मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि दूसरे देशों से कोई भी व्यक्ति हमारे देश में आए तो उन्हें सबसे पहले देश की सभ्यता और संस्कृति का अनुभव होना चाहिए। इसके लिए जौलीग्रांट एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन में उत्तराखंड की लोक संस्कृति को प्रदर्शित किया गया।