रामनगर हाईवे एक के बाद एक तीन कारें आपस में टकरा गईं। हादसे में दंपती समेत पांच लोग घायल हो गए। घायलों को इलाज के लिए सरकारी अस्पताल ले लाया गया। समाचार लिखे जाने तक मामले में पुलिस को कोई तहरीर नहीं मिली थी।
रविवार को रामनगर हाईवे पर तीन कारें एक-दूसरे के पीछे चल रही थी। धनौरी गांव के पास अचानक पहली कार के रुकने पर तीनों कारें एक के पीछे एक टकरा गईं। हादसे में आगे की दो कारें हाईवे किनारे खेत में जाकर पलट गईं। जबकि एक कार क्षतिग्रस्त होकर हाईवे पर रुक गई। आसपास के लोगों की सूचना पर सीपीयू प्रभारी पवन भरद्वाज टीम के साथ पहुंचे और लोगों की मदद से घायलों को गाड़ियों से बाहर निकालकर उन्हें सरकारी अस्पताल भिजवाया।
हादसे में घायल लोगों की पहचान करनपुर (रामनगर) निवासी विक्रांत सिंह, उनकी पत्नी ममता सिंह, कश्मीरी कॉलोनी जैन नगर दिल्ली निवासी सन्नी अरोरा, सेक्टर-5 रोहिणी दिल्ली निवासी विजय, सेक्टर-3 रोहिणी (दिल्ली) निवासी कशिश के रूप में हुई है। एएसपी प्रमोद कुमार ने बताया कि हाईवे पर एक कार के अचानक ब्रेक लगाने से तीन कारें आपस में टकरा गईं जिससे कुछ लोग घायल हो गए। सभी को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।