उत्तरकाशी जिले के उच्च हिमालयी क्षेत्रों में ट्रैकिंग के शौकीनों के लिए अच्छी खबर है। पंडित गोविंद बल्लभ पंत वन्य जीव एवं राष्ट्रीय पार्क प्रशासन ने क्षेत्र को संचार कनेक्टिविटी से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। पहले चरण में सांकरी में रिपीटर लगाकर इलाके को वायरलेस जोन बना दिया है।
दूसरे चरण में जीपीएस की मदद से मोबाइल टावर लगाने के लिए लोकेशन रीडिंग शुरू हो गई है। इससे जल्द ही ट्रैकिंग के लिए पहुंचने वाले देशी और विदेशी पर्यटकों को मोबाइल नेटवर्क मिल सकेगा। पार्क के सीमावर्ती 42 गांवों के लोगों को इसका सबसे अधिक फायदा मिलेगा।
पार्क की रुपिन, सुपिन और सांकरी रेंज के बुग्याल और उच्च हिमालयी इलाके पर्यटकों को खूब लुभाते हैं। बेहद खूबसूरत और बर्फ की सफेद चादर से ढके रहने वाले इलाकों में मोबाइल कनेक्टिविटी नहीं है। पर्यटक कई बार रास्ता भटक जाते हैं। वन विभाग की टीमें भी कई दिन तक संपर्क नहीं कर पाती हैं।