प्रदेश के डिग्री कॉलेज और विश्वविद्यालयों में इस साल भी एक ही दिन छात्रसंघ चुनाव कराए जाएंगे। प्रदेश सरकार ने इसकी तैयारियों के लिए उच्च शिक्षा निदेशालय को निर्देशित कर दिया है। डीएवी पीजी कॉलेज देहरादून और एमबीपीजी हल्द्वानी में एक दिन चुनाव और एक दिन मतगणना होगी।
प्रदेश सरकार ने गत वर्ष शिक्षण सत्र में सुधार के तहत एक दिन में छात्रसंघ चुनाव कराने का फैसला लिया था। इस साल भी यही फैसला लागू किया है। प्रदेश के 101 सरकारी महाविद्यालयों, 50 अशासकीय महाविद्यालयों और पांच विश्वविद्यालयों में एक ही दिन छात्रसंघ चुनाव होंगे।
इसके लिए पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था भी की जाएगी। गढ़वाल मंडल और कुमाऊं मंडल में छात्रसंघ चुनाव की तिथि जल्द जारी की जाएगी। इसके बाद इस तिथि के हिसाब से सभी कॉलेज अपने-अपने छात्रसंघ चुनाव की अधिसूचना जारी करेंगे। अगस्त के अंतिम सप्ताह या सितंबर के प्रथम सप्ताह में छात्रसंघ चुनाव संभावित हैं।
खर्च की सीमा 50 हजार रुपये तक
डीएवी पीजी कॉलेज जैसे 10 हजार से अधिक छात्र संख्या वाले कॉलेजों में खर्च की सीमा 50 हजार रुपये होगी। 10 हजार से कम छात्र संख्या वाले कॉलेजों में खर्च सीमा 25 हजार रुपये होगी। सरकार ने गत वर्ष लिंगदोह समिति की सिफारिशों में संशोधन करते हुए खर्च की सीमा पांच हजार रुपये से बढ़ा दी थी। नए नियम ही इस बार भी छात्रसंघ चुनाव में लागू रहेंगे।
हमने एक दिन में छात्रसंघ चुनाव की तैयारी शुरू कर दी है। उच्च शिक्षा निदेशालय के स्तर से इसका नोटिफिकेशन जारी किया जाएगा। उसके बाद कॉलेज अपने स्तर से अधिसूचना जारी करेंगे। एक दिन के चुनाव के लिए पूरी फोर्स उपलब्ध कराई जाएगी।
-डॉ. धन सिंह रावत, उच्च शिक्षा राज्य मंत्री, उत्तराखंड सरकार