फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: कम संख्या में नेपाल जा रहे भारतीय वाहन, टीका प्रमाणपत्र और आरटीपीसीआर रिपोर्ट दिखाने पर मिल रहा प्रवेश

Fri, 26 Nov 2021 11:11 PM IST
अलका त्यागी संवाद न्यूज एजेंसी, बनबसा (चंपावत)

सार

नेपाल प्रशासन ने बनबसा से लगी सीमा गड्ढा चौकी से भारतीय वाहनों को दोनों कोविड टीके लगे होने का प्रमाणपत्र दिखाने पर 24 नवंबर से प्रवेश की अनुमति दी है।
विज्ञापन
नेपाल झूला पुल - फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

तीन दिन पूर्व नेपाल प्रशासन ने भारतीय वाहनों को नेपाल में प्रवेश की इजाजत दे दी है। सीमा पर दो कोविड टीके लगे होने के प्रमाणपत्र दिखाने पर भारतीय वाहनों को सुविधा शुल्क काटकर नेपाल में प्रवेश दिया जा रहा है। जिन लोगों के पास कोविड के दोनों टीके लगे होने का प्रमाणपत्र नहीं है, उन्हें आरटीपीसीआर निगेटिव जांच रिपोर्ट दिखानी पड़ रही है। बताया जा रहा है कि पिछले दिनों बनबसा पहुंचे नेपाल के राजदूत की पहल पर सीमा पर नेपाल प्रशासन ने भारतीय वाहनों को प्रवेश देना शुरू किया है। 

विज्ञापन


नेपाल प्रशासन ने बनबसा से लगी सीमा गड्ढा चौकी से भारतीय वाहनों को दोनों कोविड टीके लगे होने का प्रमाणपत्र दिखाने पर 24 नवंबर से प्रवेश की अनुमति दी है। हालांकि, अभी कम ही लोग नेपाल की ओर जा रहे हैं। बनबसा के विभिन्न संगठन एवं व्यापारियों ने नेपाल प्रशासन से सीमा पर वाहनों को अनुमति देने को कई बार पहल की थी लेकिन नेपाल प्रशासन भारतीय वाहनों को नेपाल में प्रवेश नहीं दे रहा था। संभावना जताई जा रही है कि नेपाल सरकार के फरमान के बाद ही कंचनपुर जिला प्रशासन ने भारतीय वाहनों को नेपाल में प्रवेश की अनुमति दी है। फिलहाल बनबसा और आसपास क्षेत्रों के व्यापारी ही नेपाल जा रहे हैं। इसका प्रचार होने पर पूर्व की भांति भारतीय पर्यटकों का आवागमन शुरू होगा। इमिग्रेशन चेकपोस्ट अधिकारी इंद्र सिंह ने बताया कि फिलहाल भारत से कम ही वाहन नेपाल की ओर जा रहे हैं। धीरे-धीरे भारतीयों का नेपाल जाना बढ़ने की उम्मीद है। 

नगर पंचायत अध्यक्ष रेनू अग्रवाल ने इसी माह 20 नवंबर को बनबसा पहुंचे नेपाल के राजदूत रामप्रसाद सुबेदी को ज्ञापन सौंपा था। उनसे भारतीय वाहनों को नेपाल में प्रवेश देने और बनबसा के व्यापारियों की विभिन्न समस्याओं के समाधान की मांग की थी। इस आधार पर राजदूत ने दो कोविड टीके लगे होने पर वाहनों को नेपाल में प्रवेश देने का आश्वासन दिया था। उनकी पहल पर नेपाल प्रशासन ने भारतीय वाहनों को नेपाल में प्रवेश देना शुरू किया है। 
विज्ञापन


जांच-पड़ताल के नाम पर किया जा रहा परेशान
पूर्व व्यापार मंडल अध्यक्ष भरत भंडारी ने बताया कि आम भारतीय नागरिक, मजदूर वर्ग अभी भी नेपाल नहीं जा पा रहे हैं। उन्हें गड्ढा चौकी पर नेपाल प्रशासन के लोगों द्वारा जांच-पड़ताल के नाम पर परेशान किया जा रहा है। कई भारतीयों ने बताया कि गड्ढा चौकी पर नेपाल प्रशासन के लोग भारतीय लोगों से अवैध वसूली भी कर रहे हैं। हालांकि, नेपाल एपीएफ के इंस्पेक्टर पदम भंडारी ने उक्त आरोपों को गलत बता जांच की बात कही है। 

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें