कोटद्वार रेलवे स्टेशन पर फिर से चहलपहल शुरू हो गई है। कोरोना संक्रमणकाल के कारण डेढ़ महीने से बंद पड़ी सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस (चेयरयान) का सोमवार से कोटद्वार-दिल्ली के बीच सीधा संचालन शुरू हो गया है।
कोरोना संक्रमण की दूसरी लहर में संक्रमितों की संख्या बढ़ने पर उत्तर रेलवे ने सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस समेत कई ट्रेनों का संचालन गत नौ मई से बंद कर दिया था। इस चेयरयान एक्सप्रेस का संचालन बंद होने से कोटद्वार रेलवे स्टेशन में सन्नाटा पसरा हुआ था। इस बीच बढ़ते संक्रमण के कारण उत्तर प्रदेश सरकार ने यूपी होते हुए उत्तराखंड की बसों का संचालन भी बंद कर दिया, जिससे लोगों को दिल्ली समेत मैदानी रूटों पर आवाजाही करने में परेशानियों का सामना करना पड़ रहा था।
रेल सेवा शुरू होने से यात्रियों को काफी राहत मिली है। ग्राम डडोगी पट्टी बनोलस्यूं कल्जीखाल निवासी कैलाश सिंह बिष्ट और सौरभ बिष्ट ने बताया कि प्राइवेट कैब एक सवारी के एक हजार रुपये तक किराया वसूल रहे हैं। वह पिछले एक हफ्ते से ट्रेन के संचालन का इंतजार कर रहे थे। जनशताब्दी एक्सप्रेस के संचालन से लोगों को काफी राहत मिली है।
आज से नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस का भी संचालन शुरू
देहरादून-नईदिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस का संचालन भी आज से शुरू हो गया। देहरादून-पुरानी दिल्ली मसूरी एक्सप्रेस का संचालन मंगलवार से किया जाएगा। इस संबंध में भी रेलवे बोर्ड की ओर से अनुमति दी जा चुकी है।
बता दें कि कोरोना की दूसरी लहर के चलते रेलवे बोर्ड और उत्तर रेलवे की ओर से ज्यादातर ट्रेनों का संचालन ठप कर दिया गया था। अब जबकि कोरोना संक्रमण का असर तेजी से कम हुआ है तो रेलवे बोर्ड की ओर से कई ट्रेनों के संचालन की मंजूरी दे दी गई है।
सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस पहले दिन सोमवार को निर्धारित समय दोपहर 1:40 बजे कोटद्वार पहुंची। पहले दिन सी1, सी2 में 31 यात्री और 2एस बोगियों में 231 यात्रियों ने कोटद्वार और दिल्ली के बीच सफर किया। ट्रेन की वापसी निर्धारित समय शाम 3:50 बजे हुई। वापसी में कोटद्वार से दिल्ली के लिए करीब 100 यात्री रवाना हुए।
- मनोज रावत, स्टेशन अधीक्षक कोटद्वार।