खटीमा में मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देकर 200 से अधिक महिलाओं को रोजगार से जोड़ने वाली थारू जनजाति की मिथलेश राना राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू के हाथों सम्मानित होंगी। इसके लिए मिथलेश को देहरादून से बुलावा आया है।
खटीमा की ग्राम पंचायत रतनपुर की मझरा जसारी निवासी मिथलेश सिंह ने वर्ष 2016 में राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन (एनआरएलएम) के तहत स्वयं सहायता समूह से जुड़कर आजीविका संवर्धन के लिए मशरूम उत्पादन का कार्य किया। इसमें सफलता मिलने के बाद मिथलेश को कलस्टर रिसोर्स पर्सन (सीआरपी) बना दिया गया।
इसके बाद खटीमा में महिलाओं का समूह गठन करने के बाद मिथलेश ने 200 से अधिक महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देकर रोजगार से जोड़ने का कार्य किया। पिछले वर्ष ही मिथलेश को एनआरएलएम की ओर से उत्तराखंड के स्टेट रिसोर्स पर्सन के तौर पर महाराष्ट्र में महिलाओं को मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण देने के लिए भेजा गया।
महाराष्ट्र में तीन महीने तक चार जिलों में मुख्य प्रशिक्षक के तौर पर मिथलेश ने महिलाओं को जेंडर व मशरूम उत्पादन का प्रशिक्षण दिया। ग्राम्य विकास विभाग के परियोजना निदेशक हिमांशु जोशी ने बताया कि उत्कृष्ट कार्य करने पर मिथलेश को देहरादून बुलाया गया है।