बागियों की वापसी को लेकर कांग्रेस में एक बार फिर सियासी पारा चढ़ गया है। कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने दरवाजे सबके लिए खुले रहने की बात की तो कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव हरीश रावत नाराजगी जाहिर कर गए।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह इस समय गढ़वाल के दौरे पर हैं, इसी दौरान बागियों की वापसी का सवाल उठ गया है। कर्मकार कल्याण बोर्ड की जांच में उलझे हरक सिंह, राज्य सभा का टिकट मिल पाने से रह गए पूर्व सीएम विजय बहुगणा सहित अन्य कांग्रेस छोड़ कर भाजपा में गए नेता खुद को असहज महसूस कर रहे हैं।
ऐसे में इनकी वापसी की बात भी गाहे बगाहे हो रही हैं। इसी को लेकर कांग्रेस में फिलहाल मामला गरमा गया है। हरीश रावत के समर्थक बागियों की वापसी के बिल्कुल भी पक्ष में नहीं हैं। खुद हरीश रावत कह रहे हैं कि वापसी से पहले ये लोग कांग्रेस और प्रदेश के लोगों से सार्वजनिक रूप से माफी मांग लें और फिर खेत तैयार करने में जुटें।
धन्य है उत्तराखंड की राजनीति। देश भर के दल बदलू अब रूठे हुए अपने हो गए। यह हमारी भूल थी कि हम उन्हें दल बदलू कह गए, पार्टी से बाहर कर दिया, न्यायपालिका ने भी उनकी सदस्यता रद्द कर दी। अब पता चला कि ये लोग तो दूध के धुले हुए 24 कैरेट का सोना हैं। भाजपा को हम यूं ही कोस रहे हैं। उन्होंने तो सिर्फ रूठे हुए लोगों को छाया दी है।
- हरीश रावत, पूर्व सीएम और कांग्रेस के राष्ट्रीय महासचिव
मैं फिर कह रहा हूं कि राजनीति में किसी के लिए दरवाजे बंद नहीं होते। लेकिन किसी के शामिल होने या न होने का फैसला हाईकमान का होगा। जो भी आदेश होगा स्वीकार किया जाएगा।
- प्रीतम सिंह, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष
नेता प्रतिपक्ष ने कुुमाऊं में संभाली कमान
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह के गढ़वाल दौरे के बाद अब नेता प्रतिपक्ष इंदिरा हृदयेश ने कुमाऊं में मोर्चा संभाल लिया है। नेता प्रतिपक्ष ने 19 नवंबर से पूरे मंडल के सभी जिलों का दौरा करने और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से बात करने का एलान किया है।
नेता प्रतिपक्ष के मुताबिक 19 नवंबर को वे ऊधमसिंह नगर से कुमाऊं मंडल के दौरे की शुरुआत करेंगी। इंदिरा के मुताबिक वे कुमाऊं के सभी विधानसभा क्षेत्र का दौरा करेंगी और ग्रामीण तथा शहरी कार्यकर्ताओं से बात करेंगी। बूथ और ब्लॉक कमेटियों का गठन हो चुका है।
विधानसभा चुनाव को देखते हुए अब विधानसभा केे स्तर पर पार्टी को मजबूत करने और चुनाव की रणनीति तैयार करने का काम किया जाएगा। नेता प्रतिपक्ष ने कुमाऊं दौरे का एलान ऐसे समय में किया है जब कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष प्रीतम सिंह गढ़वाल के दौरे पर हैं। प्रीतम सिंह 20 नवंबर तक गढ़वाल का दौरा पूरा कर देहरादून लौटेंगे।