आठ माह बाद देहरादून- प्रयागराज लिंक एक्सप्रेस का संचालन मंगलवार से शुरू हो गया। ट्रेन का संचालन फिलहाल 11 दिसंबर तक होगा। कोरोना संकट के बीच 22 मार्च से ही ट्रेनों का संचालन रोक दिया गया था।
लंबे इंतजार के बाद रेलवे बोर्ड ने देहरादून-नई दिल्ली शताब्दी एक्सप्रेस, देहरादून-नई दिल्ली जनशताब्दी एक्सप्रेस, देहरादून-काठगोदाम जनशताब्दी एक्सप्रेस, देहरादून-कोटा नंदा देवी एक्सप्रेस, देहरादून प्रयागराज लिंक एक्सप्रेस ट्रेनों के संचालन को मंजूरी दी।
वैसे तो लिंक एक्सप्रेस 11 नवंबर को देहरादून से रवाना हुई थी। लेकिन, हरिद्वार-लक्सर के बीच आरोबी का निर्माण होने की वजह से ट्रेन को लक्सर से ही लौटा दिया गया था।
नियमित संचालन की मांग
मंगलवार को लिंक एक्सप्रेस में रवाना हुए यात्रियों ने ट्रेन के नियमित संचालन की मांग उठाई। मांडा प्रयागराज निवासी संतोष कुमार सिंह, करछना निवासी कृष्णानंद वैश्य, प्रयागराज निवासी मालिनी कुकरेजा, प्रतापगढ़ निवासी पंकज ओझा ने ट्रेन के शुरू होने से यात्रियों को राहत मिली है। लेकिन, ट्रेन का संचालन अब नियमित किया जाना चाहिए।
मुजफ्फरपुर रवाना हुई फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन
देहरादून-मुजफ्फरपुर फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन मंगलवार को देहरादून से रवाना हुई। अधिकारियों के मुताबिक ट्रेन का संचालन बुधवार को भी किया जाएगा। स्टेशन अधीक्षक (संचालन) सीताराम शंकर ने बताया कि फेस्टिवल स्पेशल ट्रेन बुधवार को भी देहरादून से मुजफ्फरपुर जाएगी।
मुजफ्फरपुर से यह ट्रेन बृहस्पतिवार को आएगी। दूसरी ओर यात्रियों ने मांग उठाई थी रेलवे बोर्ड को यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, महाराष्ट्र, गुजरात के लिए ट्रेनों का संचालन शुरू करना चाहिए। ट्रेनों का संचालन नहीं होने से यात्रियों को देहरादून से नई दिल्ली जाना पड़ता है।