मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने कहा कि रामनगर के पाटकोट में पैराग्लाइडिंग में आ रही बाधाओं को सरकार जल्द दूर करेगी, ताकि यहां से भी पैराग्लाइडिंग शुरू हो सके और स्थानीय युवाओं को रोजगार मिल सके।
प्रदेश सरकार पर्यटन को बढ़ावा दे रही है। पैराग्लाइडिंग में बाधक बन रही बिजली लाइन को हटाने में सरकार सहयोग करेगी। प्रदेश में साहसिक खेलों को प्रोत्साहन दिया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने बताया कि रामनगर का पाटकोट उनकी संसदीय सीट में आता है। इस क्षेत्र के विकास के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा।
सरकारी अस्पताल बनेगा कोविड अस्पताल
मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत ने बताया कि सरकार कोरोना की तीसरी लहर को लेकर तैयार है। पीएचसी सेंटर तक को कोविड सेंटर बनाया जा रहा है। रामनगर के सरकारी अस्पताल में ऑक्सीजन पाइप व ऑक्सीजन प्लांट लगाने का काम चल रहा है।
तैयारी पूरी होते ही सरकारी अस्पताल को कोविड अस्पताल बनाने का शासनादेश जारी करेगी। सरकारी अस्पताल में चल रहे कार्यों के लिए सरकार की ओर पहले ही धनराशि जारी की जा चुकी है।