जसपुर क्षेत्र में एक गली को कंटेन्मेंट जोन गलत तरीके से घोषित करने का आरोप लगाते हुए अफसरों पर बिफर रहे क्षेत्रीय विधायक फोन पर अशोभनीय शब्द बोल गए। इस पूरे प्रकरण का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है।
जसपुर के भूप सिंह मोहल्ले में कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर जिला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग ने मोहल्ले को सील किया है। इसकी एक गली को गलत तरीके से सील करने का आरोप लगाते हुए लोगों ने विरोध शुरू कर दिया।
सूचना मिलने पर मौके पर पहुंचे विधायक आदेश चौहान ने मामले को लेकर किसी विभागीय कर्मी से फोन बात की। इस दौरान आपा खोए विधायक के मुंह से कई बार अशोभनीय शब्द भी निकल गए। वायरल वीडियो में विधायक किसी को नियम भी समझा रहे हैं। वह सीएम को भी पंगु बोल बैठे।
कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर मोहल्ला भूप सिंह को सील किया गया था। लोग एक गली को सील किए जाने का विरोध कर रहे थे। कोरोना पॉजिटिव केस मिलने पर सिर्फ एक गली नहीं पूरे मोहल्ले को सील किया जाता है।
-सुंदर सिंह, एसडीएमए जसपुर
भूप सिंह मोहल्ले में लोगों के बुलाने पर मैं वहां पहुंचा। मैंने एसडीएम से इस संबंध में बात की लेकिन उन्होंने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों से पूछने को कहा। जनसमस्या सुलझाने के लिए मैंने अधिकारियों से बात की। मैने किसी तरह की गालीगलौच नहीं की।
-
आदेश चौहान, विधायक, जसपुर