जिले में कोरोना के टीके लगभग खत्म हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास टीके नहीं है, लेकिन 84 दिन बाद कोविशील्ड की दूसरी खुराक लगवाने और टीकाकरण केंद्र के नाम के मैसेज लोगों के मोबाइल पर पहुंच चुके हैं। ऐसे में लोग टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं।
राजकीय दून मेडिकल कॉलेज अस्पताल में गुरुवार को पहुंचे लोगों ने टीकाकरण न होने से जमकर हंगामा किया। लोगों का कहना था कि उनके मोबाइल पर टीके लगाने के लिए मैसेज आया, लेकिन यहां बताया जा रहा कि टीके खत्म हो चुुके हैं। कुछ का आरोप था कि उनके बदले टीका किसी और को लगा दिया गया। मामला बढ़ता देख अधिकारियों को हस्तक्षेप करना पड़ा। अधिकारियों के समझाने के बाद किसी तरह लोग शांत हुए और बिना टीका लगवाए बैरंग लौट गए।
विज्ञापन
जिले में कोरोना के टीके लगभग खत्म हैं। स्वास्थ्य विभाग के पास टीके नहीं है, लेकिन 84 दिन बाद कोविशील्ड की दूसरी खुराक लगवाने और टीकाकरण केंद्र के नाम के मैसेज लोगों के मोबाइल पर पहुंच चुके हैं। ऐसे में लोग टीकाकरण केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। इसी के चलते गुरुवार को दून अस्पताल के नए ओपीडी भवन में लगभग 150 से अधिक लोग टीका लगाने पहुंचे, लेकिन किसी को भी टीका नहीं लग पाया। उन्हें बताया गया कि टीका खत्म है।
इस बात लेकर लोगों की अस्पतालकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों से नोकझोंक भी हुई। अस्पताल में टीके न लगने पर कई देर तक हंगामा होता रहा। कुछ अन्य केंद्रों से भी टीका न लगने के कारण हंगामे की सूचनाएं आई हैं। विभिन्न केंद्रों पर कुछ लोगों का आरोप था कि उनके बदले टीका किसी दूसरे को लगा दिया गया है। अधिकारियों ने जिले में कोविशील्ड और कोवैक्सीन टीके की खुराक खत्म होने की बात बताकर किसी तरह लोगों को शांत कराया। उसके बाद ही लोग वहां से बैरंग लौटने को तैयार हुए। शुक्रवार को भी टीके मिलने की संभावना कम ही है।
विज्ञापन
दो दिन से लौट रहीं महिलाएं
मियावाला निवासी मीना देवी (52) और हर्रावाला निवासी मंजू क्षेत्री (55) ने बताया कि वह दो दिनों से दून अस्पताल आ रही हैं। गुरुवार को भी सुबह 6:30 बजे अस्पताल पहुंच गई थीं। दोपहर तीन बजे सुरक्षाकर्मियों और अस्पताल के अधिकारियों ने बताया कि टीका अब तक नहीं आया है। इसलिए आज टीका नहीं लग पाएगा। दून अस्पताल में टीकाकरण की प्रभारी एवं चीफ फार्मासिस्ट सुधा कुुकरेती ने बताया कि लोगों को समझाने की कोशिश की जा रही है। विभाग से टीके नहीं आ रहे हैं। जैसे ही टीके आएंगे टीकाकरण शुरू कर दिया जाएगा।
12 तक टीके मिलने की उम्मीद : सीएमओ
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मनोज उप्रेती ने बताया कि जिले में दो दिनों से कोविशील्ड और कोवैक्सीन दोनों टीकों का कोटा लगभग खत्म हो गया है। कुछ टीके जो केंद्रों पर भेजे गए हैं। वही लोगों को लगाए जा रहे हैं। गुरुवार को भी लगभग चार हजार टीके ही लग पाए। शुक्रवार को भी जो कुछ टीके केंद्रों पर उपलब्ध हैं, वहीं लग पाएंगे। दून अस्पताल स्थित टीकाकरण केंद्र में शुक्रवार को टीके नहीं लगेंगे। डॉ. उप्रेती ने बताया कि 12 जुलाई तक विभाग को टीके मिलने की उम्मीद है। टीके आते ही केंद्रों को बांट दिए जाएंगे। शुक्रवार को जिले भर में लगभग चार हजार टीके ही लग पाएंगे।