प्रदेश में चारधाम यात्रा शुरू होते ही बिजली की मांग आठ से 10 मेगावाट बढ़ जाएगी। मांग के सापेक्ष 24 घंटे आपूर्ति करने के लिए यूपीसीएल ने तैयारियां तेज कर दी हैं। यात्रा शुरू होते ही प्रदेश के यात्रा मार्गों पर तमाम होटल, रेस्त्रां और धार्मिक स्थलों के आसपास के क्षेत्र बिजली से रोशन हो जाते हैं।
सामान्य दिनों के मुकाबले यूपीसीएल के लिए बिजली की मांग का आंकड़ा भी बढ़ जाता है। बदरीनाथ के कपाट खुलने के बाद बिजली की मांग में 2.5 मेगावाट, केदारनाथ में 2 मेगावाट, गंगोत्री में 1.5 मेगावाट, यमुनोत्री में 2 मेगावाट, हेमकुंड साहिब में करीब 2 मेगावाट बढ़ जाती है। बदरीनाथ और केदारनाथ में आपूर्ति की लाइनें 21-21 किलोमीटर लंबी है।