गढ़वाल वन प्रभाग के थलीसैंण, दमदेवल और उससे सटे पोखड़ा रेंज में गुलदार की दहशत बढ़ती जा रही है। दोनों रेंज के सर्वाधिक प्रभावित 20-25 किमी इलाके के गांवों में पिछले तीन वर्षों में गुलदार ने पांच लोगों की जान ले ली है और आठ लोग घायल किए हैं।
गढ़वाल वन प्रभाग के दमदेवल रेंज के नौल्यूं, डबरा, सुंदरई, कुई, मजगांव, किमगडी, किलबास, लोदीगांव और पोखड़ा रेंज के देवकुंडई तल्ली, देवकुंडई मल्ली, भैंसवाड़ा समेत दो दर्जन से अधिक गांवों में गुलदार का खौफ बना रहता है। इनमें से अधिकांश गांवों के लोग गुलदार के खौफ से शाम ढलते ही घरों में कैद होने को मजबूर हैं।
अब गुलदार ने बीरोंखाल तहसील क्षेत्र के वन विभाग के थलीसैंण रेंज में पड़ने वाले भैंस्वाड़ा गांव में भी दस्तक दे दी है। प्रधान सुरेंद्र ढौंडियाल बताते हैं कि भैंस्वाड़ा गांव चारों ओर जंगल से घिरा है।
एक सप्ताह पूर्व भी शाम को गुलदार ने गोशाला के पास ग्रामीणों पर हमले का प्रयास किया। तब शोर मचाने पर गुलदार भाग गया था। मंगलवार की घटना के बाद से आसपास के गांवों में दहशत है।