फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Uttarakhand News: अल्मोड़ा में तेंदुए ने महिला को मार डाला, तीन दिन बाद झाड़ियों में मिला शव

Wed, 20 Jan 2021 11:17 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, भिकियासैंण (अल्मोड़ा)
विज्ञापन
महिला का शव - फोटो : प्रतीकात्मक तस्वीर
विज्ञापन

उत्तराखंड के अल्मोड़ा में स्याल्दे ब्लॉक के बरंगल गांव के किमबगड़ तोक में तेंदुए ने 50 वर्षीय महिला को मार डाला। महिला तीन दिन से लापता थी। बुधवार को उसका क्षत विक्षत शव गांव से 200 मीटर दूर झाड़ियों में बरामद हुआ। जौरासी के रेंजर मोहन राम आर्य ने आशंका जताई कि पूर्व में आदमखोर घोषित तेंदुए ने ही महिला को अपना शिकार बनाया होगा। घटना से बरंगल समेत आसपास के गांवों के लोग दहशत में हैं।

विज्ञापन


किमबगड़ तोक निवासी शांति देवी (50) घर पर अकेले रहती थी। वह तीन दिन से लापता थी। ग्रामीण उसकी ढूंढखोज में लगे थे। महिला के घर के आसपास तेंदुए के पंजों के निशान भी देखे गए। बुधवार को ग्रामीणों और उप वन क्षेत्राधिकारी हेम चंद्र आर्य के नेतृत्व में टीम ने महिला की फिर खोजबीन की तो घर से करीब दो सौ मीटर दूर झाड़ियों में महिला का क्षत विक्षत शव बरामद हुआ। सूचना पर राजस्व पुलिस भी मौके पर पहुंच गई।

108 एंबुलेंस से महिला का शव सीएचसी देघाट लाया गया, जहां रानीखेत से पहुंची डॉक्टरों की टीम ने पोस्टमार्टम किया। सूचना पर तहसीलदार भिकियासैंण निशा रानी, कानूनगो शंकर गिरि, राजस्व एसआई धीरज कुमार, रेंजर मोहन राम आर्य भी अस्पताल पहुंचे। पोस्टमार्टम के बाद शव ग्रामीणों को सौंप दिया गया। ग्रामीणों ने तहसीलदार और रेंजर से तेंदुए से शीघ्र निजात दिलाने की मांग की। वन विभाग की टीम क्षेत्र में गश्त कर रही है। 
विज्ञापन


बिजनौर से एक और शिकारी बुलाया
आदमखोर घोषित तेंदुए को मारने के लिए क्षेत्र में पहले से ही एक शिकारी तैनात है। विभाग ने अब बिजनौर से एक और शिकारी को बुलाया है। रेंजर मोहन राम आर्य ने बताया कि बिजनौर से शिकारी रात तक क्षेत्र में पहुंच जाएगा।

घटना स्थल पर लगाया पिंजरा
आदमखोर तेंदुए को पकड़ने के लिए क्षेत्र में पिंजरा लगाया गया है। महिला को शिकार बनाने के बाद वन विभाग ने घटनास्थल के समीप पिंजरा लगा दिया है। ग्रामीणों ने भी डीएम से तेंदुए के बढ़ते आतंक से छुटकारा दिलाने की मांग की है।  

विज्ञापन

स्याल्दे में तेंदुए की दहशत

- 27 जनवरी 2020 : स्याल्दे के उपराड़ी गांव में दस बकरियां मारीं।
- 28 दिसंबर 2020 : बरंगल गांव के डोटियाल बाखली की अंजू देवी को  घायल किया।
- 30 दिसंबर 2020 - कोठा गांव में घर के आंगन में खाना बना रही कमला देवी को घायल किया।
- 07 जनवरी 2021 : पौड़ी से सटे डुमडीकोट गांव में भी 26 वर्षीय तुलसी देवी पर हमला किया।
- 07 जनवरी 2021 : वन विभाग ने तेंदुए को आदमखोर घोषित किया। गांव में शिकारी तैनात किए। तीन स्थानों पर पिंजरे लगाए।
-20 जनवरी 2021 : किमबगड़ गांव निवासी 50 वर्षीय शांति देवी को बनाया निवाला।

तेंदुए के आतंक से गांव में रहना मुश्किल हो गया है। शाम ढलते ही तेंदुए के भय से लोगों का घरों से बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। महिलाएं अकेले चारा, जलौनी लकड़ी लेने जंगल नहीं जा रहीं हैं। तेंदुए के बारे में वन विभाग के अधिकारियों को कई बार बताया गया लेकिन अब तक तेंदुआ नहीं पकड़ा गया है। तेंदुए को जल्द पकड़ा जाए। 
- देवेंद्र सिंह, बरंगल

तेंदुए के आतंक से रात काटनी मुश्किल हो रही है। दिन में भी भय बना रहता है। अकेले राह चलने पर लोग अपने को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं। तेंदुआ कई बार झाड़ियों में छिपा रहता है और मौका पाते ही लोगों पर हमला कर देता है। इस कारण शाम होते ही लोग आवाजाही करने में कतरा रहे है। खासकर छोटे बच्चों के अकेले खेलने या अन्यत्र जाने में उनकी जान को खतरा बना रहता है। तेंदुए को जल्द पकड़ा जाना चाहिए। 
- विजय बंगारी, बरंगल
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें