तेंदुए की रेकी के लिए बुलाया शिकारी
रेंजर मनोज कुमार लोहनी ने बताया कि तेंदुए को आदमखोर घोषित करने की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। इसके लिए शिकारी को भी बुलाया गया है। तेंदुए के आदमखोर होने संबंधी साक्ष्य जुटाकर मुख्य वन्यजीव प्रतिपालक को भेजे जाएंगे। फिलहाल तेंदुए की रेकी के लिए शिकारी को बुलाया गया है।
रानीखेत क्षेत्र में तेंदुए का आतंक
-2019 में यहां ताड़ीखेत के पास तिमिलाडिग्गी के पास दो बाइक सवारों पर तेंदुआ झपटा।
-सात मार्च 2021 को यहां चमड़खान के रैली टाना में देर शाम घर लौट रहे बुजुर्ग को मौत के घाट उतारा।
-2021 में तेंदुए ने यहां कारचुली क्षेत्र में तेंदुए ने छह बकरियों को निवाला बना दिया।
-2022 अगस्त में यहां विशुआ के सिंगोली में एक पूर्व फौंजी पर तेंदुए ने हमला बोल दिया।
-2022 में ही कुछ माह पूर्व एक आंगनबाड़ी वर्कर को तेंदुए ने घायल कर दिया।
शव का पोस्टमार्टम कर दिया गया है। जंगली जानवर ने शव को बुरी तरह से नोचा है। इसी कारण मौत होने की संभावना है। फिलहाल विसरा सुरक्षित रख लिया है।
- डॉ जीएस गड़कोटी, राजकीय अस्पताल रानीखेत।
तेंदुए ने मोहन राम को गांव के पास से उठाया और उसके बाद पास के जंगल के गधेरे में उन्हें खा लिया। ग्रामीणों का आक्रोश जायज है। दरअसल तेंदुओं की संख्या में निरंतर वृद्धि हो रही है। फिलहाल गांव में पिंजरा पहुंचा दिया गया है। वहां वन विभाग की गश्ती टीम को भी लगाया गया है। ग्रामीणों से सावधान होने की अपील की गई है। 50 हजार रुपये की त्वरित मुआवजा पीड़ित परिवार को दे दिया गया है।
- महातिम यादव, डीएफओ अल्मोड़ा