इधर, फतेहपुर रेंज कालाढूंगी की एसडीओ किरण शाह ने बताया कि कालाढूंगी रेंज में सोमवार को गश्त के दौरान वन रक्षक अंकित कुमार पर बाघ ने हमला कर दिया। घायल वन रक्षक को धापला निहाल तराई भाबर बीट में तैनात वन दरोगा प्रकाश भट्ट और आउटसोर्स कर्मी नंदन मेहरा सीएचसी कालाढूंगी लेकर पहुंचे जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसे एसटीएच हल्द्वानी रेफर कर दिया।
उधर, मोहान क्षेत्र में सड़क निर्माण का कार्य कर रहे नानकमत्ता निवासी 53 वर्षीय हरलाल सिंह पुत्र श्रीकृष्ण पर भी सोमवार तड़के बाघ ने हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल हरलाल को रामनगर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया। हरलाल सितारगंज की जिस कंपनी में काम करता है वह इन दिनों मोहान क्षेत्र में सड़क निर्माण करा रही है। हरलाल सिंह सड़क किनारे कुटिया बनाकर परिवार के साथ रह रहा है।
घटना के वक्त वह अन्य व्यक्ति के साथ नल पर पानी भरने गया था। तभी बाघ ने उस पर हमला बोल दिया। उसकी भतीजी ने बताया कि बाघ ने उसके चाचा के सिर और कंधे पर पंजा मारा है। वन प्रभाग रामनगर की एसडीओ पूनम कैंथोला ने बताया कि घटनास्थल के आसपास वन कर्मियों ने गश्त शुरू कर दी है। कैमरा टैप लगाए जा रहे हैं। लोगों से अकेले में बाहर नहीं निकलने की अपील की है।