औषधि निरीक्षक ने छापामारी करते हुए मेडिकल स्टोर से 10 हजार नशीली गोलियां पकड़ी हैं। ड्रग इंस्पेक्टर की शिकायत के बाद मेडिकल स्टोर संचालक को हिरासत में लेकर पुलिस ने उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व ड्रग एक्ट में मुकदमा दर्ज किया है।
पथरी थाना क्षेत्र के गांव घिस्सूपुरा में शुक्रवार को औषधि निरीक्षक अनीता भारती ने मेडिकल स्टोर पर छापामारी की। औषधि निरीक्षक ने बताया कि उन्हें क्षेत्र के मेडिकल स्टोर संचालकों से लगातार शिकायत मिल रही थी कि गांव घिस्सपुरा में डॉक्टर गर्ग के नाम से एक व्यक्ति मेडिकल स्टोर चला रहा है। उक्त डॉक्टर के मेडिकल स्टोर पर एमबीबीएस भी लिखा हुआ है।
इस पर औषधि निरीक्षक अनीता भारती ने शुक्रवार केे मेडिकल स्टोर पर पहुंचकर छापामारी की। इस दौरान उन्होंने मेडिकल स्टोर पर मौजूद व्यक्ति से बात की तो उसने खुद को डॉक्टर गर्ग बताया, लेकिन जब उसका आधार कार्ड चेक किया तो उस पर राजकुमार मुखर्जी लिखा हुआ था। इसके बाद मेडिकल स्टोर पर दवाइयों का निरीक्षण किया गया।
इस दौरान मेडिकल स्टोर पर 10 हजार नशीली गोलियां एक पेटी मेें रखी हुई मिलीं। गोलियों को ड्रग विभाग की टीम ने कब्जे में लेकर मेडिकल स्टोर संचालक से डिग्री व लाइसेंस की मांग की, जिन्हें वह दिखा नहीं पाया। इसके बाद पथरी थाने में मेडिकल स्टोर चला रहे राजकुमार मुखर्जी के खिलाफ शिकायत दी गई। थाना प्रभारी दीपक कठैत ने बताया कि राजकुमार मुखर्जी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट व ड्रग एक्ट में मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक कर रही पुलिस
उत्तराखंड एसटीएफ की ओर से नशीली दवाओं के दुष्प्रभावों के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान शुरू किया है। साथ ही जिले के थाने और अन्य विंग भी अलग-अलग क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चला रहे हैं। जिले में अभियान का नोडल अफसर एसओजी प्रभारी इंस्पेक्टर एश्वर्यपाल को बनाया गया है।
22 जून से शुरू अभियान का समापन 28 जून को होगा। एसटीएफ की ओर से एसएसपी अजय सिंह के निर्देश पर बुधवार को अभियान की शुरूआत की गई। इसके तहत पोस्टल, बैनर और पर्चे चस्पा किए गए। इसके साथ ही फेसबुक, वाट्सएप के माध्यम से जागरूकता से संबंधित वीडियो व ऑडियो प्रसारित किए जा रहे हैं। अजय सिंह ने युवाओं से अपील की है कि वह नशा करने से बचें और जागरूकता अभियान में बढ़-चढ़कर भाग लें। कहा कि नशे के आदी युवाओं की काउंसिलिंग की तैयारी की जा रही है।
इधर, जिला पुलिस ने भी सभी थाना क्षेत्रों में प्रभारियों को इसका जिम्मा सौंपा है। एसएसपी डॉ. योगेंद्र सिंह रावत ने सभी थाना पुलिस को अभियान को तेजी से चलाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही आम जनता को पुलिस का सहयोग करने की अपील की है।