उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद (यूटीडीबी) की बोर्ड बैठक में प्रदेश के ट्रेकिंग रूटों पर फुुट मसाज की सुविधा शुरू करने का निर्णय लिया गया। इसके लिए स्थानीय लोगों को फुट मसाज का प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे उन्हें रोजगार मिलेगा और ट्रेकिंग करने वाले पर्यटकों को सुविधा होगी।
बृहस्पतिवार को पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज की अध्यक्षता में यूटीडीबी बोर्ड बैठक में पर्यटन गतिविधियों पर चर्चा कर कई फैसले लिए गए। टिहरी झील को विश्व स्तरीय टूरिस्ट डेस्टीनेशन के रूप में विकसित करने की सरकार की योजना है।
इसके लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के आर्किटेक्ट व डिजाइनरों की सहायता लेने का निर्णय लिया गया। इसके अलावा शाक्य, वैष्णव, शैव सर्किट पर पुस्तिका तैयार की जाएगी, जिसमें सर्किटों के इतिहास की जानकारी शामिल होगी। बैठक में गढ़वाल मंडल विकास निगम और कुमाऊं मंडल विकास निगम के एकीकरण को लेकर कई सुझाव मिले हैं। जल्द ही सरकार दोनों निगमों के एकीकरण पर फैसला लेगी।