उधर, दिल्ली और देहरादून के बीच नजीबाबाद होते हुए संचालित हो रही मसूरी एक्सप्रेस को पूर्व की भांति कोटद्वार से भी संचालित करने की मांग जोर पकड़ने लगी है। जिला उद्योग व्यापार प्रतिनिधिमंडल के अध्यक्ष विवेक अग्रवाल, नगर अध्यक्ष महेंद्र सिंह बिष्ट, कोषाध्यक्ष संजय मित्तल समेत कई व्यापारी नेताओं और संगठनों से जुड़े पदाधिकारियों ने कोटद्वार से पूर्व की भांति मसूरी एक्सप्रेस का संचालन शुरू करने की मांग की।
वहीं नागरिक मंच के अध्यक्ष चंद्रप्रकाश नैथानी, महामंत्री डबल सिंह रावत, पूर्व अध्यक्ष विनोद कुकरेती, समाज सेवी परमानंद बलोधी और शिवप्रकाश कुकरेती ने कहा कि गढ़वाल एक्सप्रेस के स्थान पर सिद्धबली जनशताब्दी का संचालन हो रहा है, लेकिन मसूरी एक्सप्रेस का अब भी कोई विकल्प नहीं है।
लोगों को मसूरी एक्सप्रेस पकड़ने के लिए देर शाम नजीबाबाद रेलवे स्टेशन की दौड़ लगानी पड़ रही है। अब रेलवे को कोटद्वार से नजीबाबाद के बीच पैसेंजर ट्रेन, हावड़ा एक्सप्रेस पर पूर्व की भांति एक कोच कोटद्वार से लगाने और मसूरी को कोटद्वार तक संचालित कर देना चाहिए।
कोटद्वार-नजीबाबाद के बीच पूर्व में संचालित होने वाली गढ़वाल एक्सप्रेस को हमेशा के लिए बंद कर दिया गया है। रेलवे की ओर से अधीनस्थों को इस आशय के दिशा निर्देश मिले हैं। सिद्धबली जनशताब्दी एक्सप्रेस को अच्छा रिस्पांस मिल रहा है।
- मनोज रावत, स्टेशन अधीक्षक कोटद्वार।