ऋषिकेश के सराफा व्यापारी की पत्नी को सम्मोहित कर लाखों की ठगी करने वाला तांत्रिक बाबा इतना शातिर है कि विश्वास जमाने के लिए वह सीएम के साथ खिंचवाई फोटो दिखाता था। मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष के साथ उसकी फोटो मीडिया के हाथ भी लगी। उसके पुलिस के गिरफ्त में आने के बाद राजनीतिक गलियारों में हलचल मच गई।
लालतप्पड़ स्थित नेचर विला में तांत्रिक बाबा किराए के फ्लैट पर रहता था। जानी मानी हस्तियां तांत्रिक बाबा का आशीर्वाद ले चुकीं हैं। जानकारी के अनुसार बीते 10 जुलाई को तांत्रिक बाबा ने राजनेताओं केे हाथों अपनी पुस्तिका का भी विमोचन किया था। प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से लेकर विधानसभा अध्यक्ष प्रेम चंद्र अग्रवाल भी बाबा से आशीर्वाद ले चुके हैं।
वहीं सराफा व्यापारी का कहना है कि दिसंबर 2019 से अब तक तांत्रिक बाबा उनकी पत्नी को सम्मोहित कर लाखों के सोने चांदी के आभूषण हड़प चुका है। उन्होंने कहा कि उनकी पत्नी मानसिक रूप से बीमार चल रही थी। उपचार के बहाने से बाबा से उनकी मुलाकात हुई थी।