ऋषिकेश में शुक्रवार को तड़के एक हाथी जंगल से निकलकर शहर में घुस आया। आबादी में जंगली हाथी को देख लोगों में हड़कंप मच गया। हाथी हरिद्वार रोड गंगा विहार स्थित विधानसभा अध्यक्ष के आवास क्षेत्र की ओर गया और यहां से निकलकर डिग्री कॉलेज की दीवार को तोड़कर आगे बढ़ गया। इस दौरान सड़क में काफी जाम लगा रहा। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर व्यवस्था संभाली और यातायात शुरू किया। वहीं उक्त हाथी शुक्रवार को दिनभर संजय झील सहित आबादी के निकट वाले क्षेत्रों में दिखाई दिया।
एक दांत वाला विशालकाय हाथी देखकर लोगों में मच गया हड़कंप
जानकारी के मुताबिक शुक्रवार की सुबह ऋषिकेश एम्स मार्ग पर एक हाथी सड़क पर आ गया। आवास-विकास कॉलोनी से लगे बगीचे से हाथी बाहर निकला। एक दांत वाले विशालकाय हाथी को देखकर लोगों में हड़कंप मच गया।
आबादी वाले गंगा विहार क्षेत्र में घुस गया हाथी, देखने वालाें की लगी भीड़
ऋषिकेश एम्स मार्ग पर सुबह के वक्त काफी लोग घूमने के लिए आते हैं। हाथी ने यहां से ऋषिकेश की ओर रुख कर लिया। जिसके बाद हाथी आबादी वाले गंगा विहार क्षेत्र में घुस गया। यहां विधानसभा अध्यक्ष प्रेमचंद अग्रवाल का आवास है।
महाविद्यालय की दीवार तोड़ी और कॉलेज कैंपस में घुस गया हाथी
लोगों ने पुलिस को इसकी सूचना दी। पुलिस की टीम ने माैके पर पहुंचकर सड़क के दोनों ओर वाहनों को रोक दिया। हाथी मुख्य मार्ग से कृषि मंडी की ओर बढ़ गया। जिसके बाद हाथी ने राजकीय महाविद्यालय की दीवार तोड़ी और कॉलेज कैंपस में घुस गया।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो
कॉलेज मैदान में सुबह खेलने वालों की काफी भीड़ थी। हाथी को अचानक देख वहां मौजूद सभी लोग भाग गए। हाथी ने पूरे कैंपस में चक्कर लगाया, उसके बाद वह यहां से नंदू फार्म के पास से जंगल की ओर चला गया। इस दौरान वन विभाग की टीम भी मौके पर पहुंच गई थी। इसके बाद हाथी का वीडियो सोशल मीडिया वायरल हो गया।