प्रदेश में अब आपदा प्रबंधन में पीजी डिप्लोमा, कम अवधि के सर्टिफिकेट कोर्स और स्नातक स्तर पर पढ़ाई का मौका छात्रों को मिलेगा। आपदा प्रबंधन विभाग अपने खर्च पर कम अवधि का सर्टिफिकेट कोर्स कराएगा। कुलपतियों के साथ उच्च शिक्षा के क्षेत्र में आपदा प्रबंधन पढ़ाए जाने को लेकर आयोजित बैठक में आपदा प्रबंधन मंत्री धन सिंह रावत ने यह आदेश दिया।
बैठक में उत्तराखंड मुक्त विश्वविद्यालय के प्रतिनिधि ने बताया कि आपदा प्रबंधन में पीजी डिप्लोमा दिया जा रहा है और कुमाऊं विश्वविद्यालय जल्द ही डिप्लोमा और डिग्री कोर्स शुरू करने वाला है। मंत्री ने कहा कि सभी छात्रों के लिए स्नातक स्तर पर आपदा प्रबंधन के कोर्स अनिवार्य विषय के रूप में शुरू किया जाए।
कामकाजी लोगों और उद्यमियों के लिए एक कम अवधि का सर्टिफिकेट पाठ्यक्रम और विश्वविद्यालयों की ओर से आपदा प्रबंधन में पीजी डिप्लोमा और पीजी स्तर पर एक विषय के रूप में आपदा प्रबंधन का कोर्स शुरू किया जाए। तय किया गया कि सर्टिफिकेट कोर्स का खर्च आपदा प्रबंधन विभाग वहन करेगा और प्रतिभागियों को मानदेय प्रदान करने की संभावनाओं का भी पता लगाएगा।