सैनिक कल्याण मंत्री गणेश जोशी ने केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से राज्य में टेरिटोरियल आर्मी की दो बटालियन स्थापित करवाने का अनुरोध किया है। उन्होंने कहा कि एक बटालियन गढ़वाल राइफल और दूसरी कुमाऊं रेजिमेंट के साथ अटैच की जाए।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि राज्य के सैनिक कल्याण मंत्री के तौर पर ही नहीं बल्कि एक सैनिक के तौर पर भी उन्हें लगता है कि रेगुलर आर्मी के सहयोग के लिए टेरिटोरियल आर्मी का गठन किया जाना चाहिए। टेरिटोरियल आर्मी भी रेग्युलर आर्मी की तरह ही हमेशा हर मोर्चे पर सक्रिय रहकर राष्ट्र की सेवा में तैयार रहती है। उन्होंने कहा कि चाहे जम्मू-कश्मीर एवं पूर्वोत्तर राज्यों में आंतरिक आतंकवाद से लोहा लेने का मोर्चा हो या राष्ट्रीय स्तर पर ईको सिस्टम को बचाने के लिए देश के विभिन्न विषम भौगोलिक क्षेत्रों में वृहद वृक्षारोपण का मोर्चा टेरिटोरियल आर्मी ने सफलतापूर्वक काम किया है।
सैनिक कल्याण मंत्री ने कहा कि टेरिटोरियल आर्मी को सिटिजन आर्मी के नाम से भी जाना जाता है, क्योंकि यह नागरिक जीवन के अनुभवों से युक्त पेशेवरों की योग्यताओं एवं सैनिक अनुशासन व राष्ट्र प्रेम की भावना का अद्भुत समागम है। जम्मू एवं कश्मीर, पंजाब, उत्तर प्रदेश, बिहार, मध्यप्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, केरल, असम, नागालैण्ड, मणिपुर आदि राज्यों में टेरीटोरीयल आर्मी काम कर रही है। उत्तराखंड राज्य चीन एवं नेपाल जैसे राष्ट्रों की सीमा से लगा होने के कारण रणनीतिक तौर पर महत्वपूर्ण हो जाता है। उत्तराखंड राज्य में टेरिटोरियल आर्मी की दो बटालियन स्थापित की जाए।