प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सर्वोच्च प्राथमिकता वाली 13 केंद्रीय योजनाओं पर तेजी से अमल के लिए राज्य सरकार हर 15 दिन में समीक्षा करेगी। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मुताबिक, वह स्वयं एक-एक विभाग से प्रगति का ब्योरा लेंगे।
मुख्यमंत्री का कहना है कि 2025 तक उत्तराखंड को अग्रणी राज्य बनाने के लिए प्रत्येक विभाग से अगले तीन साल के विकास का रोडमैप मांगा गया है। विभागों को अगले 10 साल का रोडमैप भी बनाने को कहा गया है। 2030 के इस रोडमैप को लेकर सरकार आगे बढ़ेगी।
प्रधानमंत्री की अगली बैठक अक्तूबर में होगी। इस बैठक से पहले राज्य सरकार को सभी 13 सूत्रीय योजनाओं में प्रगति बढ़ानी होगी। इसके लिए जल्द ही विभागों को दिशा-निर्देश जारी होंगे।
प्रधानमंत्री आवास योजना, प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, पोषण अभियान, प्रधानमंत्री मातृत्व वंदना योजना, स्वच्छ भारत मिशन, जल जीवन मिशन एंड अमृत, प्रधानमंत्री स्व निधि योजना, वन नेशन वन राशन कार्ड, प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना, आयुष्मान भारत पीएम जन आरोग्य योजना, आयुष्मान भारत हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर और प्रधानमंत्री मुद्रा योजना।