भाजपा विधानमंडल दल का नेता चुने जाने के बाद पुष्कर सिंह धामी कलेक्ट्रेट स्थित शहीद स्मारक पहुंचे, जहां उन्होंने शहीद राज्य आंदोलनकारियों को नमन किया।
पार्टी ने एक सामान्य से कार्यकर्ता को सेवा का अवसर दिया है। जनता के मुद्दों पर हम सबका सहयोग लेकर काम करेंगे। युवाओं पर मेरा खास फोकस रहेगा। मानता हूं कि समय कम है, लेकिन हम पूरी ताकत के साथ काम करेंगे।
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री, उत्तराखंड
विधायक दल की बैठक में पुष्कर सिंह धामी को विधायक दल का नेता पद के लिए चुना गया। भाजपा विधायक दल के इस प्रस्ताव को लेकर राज्यपाल के पास गए। उन्होंने उनसे आग्रह किया वो हमारे नए नेता को सरकार बनाने के लिए आमंत्रित करें। रविवार को शपथ ग्रहण होगा।
-नरेंद्र सिंह तोमर, केंद्रीय पर्यवेक्षक, भाजपा
रविवार को होगा शपथग्रहण समारोह
भाजपा विधायक मंडल दल का नेता चुने जाने के बाद पुष्कर सिंह धामी रविवार को 11वें मुख्यमंत्री की शपथ लेंगे। रविवार को राजभवन में शपथग्रहण समारोह होगा। भाजपा के केंद्रीय पर्यवेक्षक नरेंद्र तोमर, भाजपा अध्यक्ष मदन कौशिक के साथ धामी राजभवन पहुंचे जहां उन्होंने राज्यपाल बेबी रानी मौर्य से सरकार बनाने का आमंत्रण देने का अनुरोध किया।
धामी उत्तराखंड के सबसे युवा मुख्यमंत्री
भाजपा विधान मंडल दल के नेता चुने गए पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के सबसे युवा मुख्यमंत्री होंगे। वह 45 साल के हैं। पुष्कर सिंह धामी पूर्व मुख्यमंत्री व महाराष्ट्र व गोवा के राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी के समर्थक माने जाते हैं। धामी पूर्व मुख्यमंत्री के ओएसडी भी रहे हैं। जब कोश्यारी भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष बनें तो धामी भारतीय जनता युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष थे।