उन्होंने बताया कि सीमावर्ती क्षेत्रों से लोगों का पलायन अत्यंत चुनौतीपूर्ण रहा है। इसे रोकने के लिए पांच-छह वर्षों पिथौरागढ़, उत्तरकाशी एवं चमोली में 13 सड़कों का लगभग 600 किमी निर्माण कार्य गतिमान है। इसमें से चार सड़कों का लगभग 150 किमी काम हो चुका है।
हिम प्रहरी योजना में 10 हजार को प्रशिक्षण
उन्होंने बताया कि हिम प्रहरी योजना में राज्य के सीमावर्ती क्षेत्रों के 10 हजार सेवानिवृत्त सैनिकों, अर्द्धसैनिकों एवं युवाओं को सीमा सुरक्षा के संबंध में प्रशिक्षित कर उन्हें राज्य के सीमांत जिलों में तैनात किया जाएगा। इसके लिए पांच करोड़ रुपये प्रतिमाह का सहयोग केंद्र सरकार से अपेक्षित है।
आपदा में हेलिकॉप्टर उपलब्ध कराए केंद्र
सीएम ने कहा कि केंद्र सरकार एसडीआरएफ को एक हेलिकॉप्टर उपलब्ध करा दे तो इससे राज्य में आपदा एवं वनाग्नि की घटनाओं के दौरान परिस्थिति पर नियंत्रण के लिए काफी मदद मिल जाएगी।
राजस्व क्षेत्र नियमित पुलिस को दिए
सीएम ने बताया कि राजस्व पुलिस क्षेत्रों में आपराधिक गतिविधियों में वृद्धि के चलते राजस्व पुलिस का क्षेत्राधिकार चरणबद्ध रूप से नियमित पुलिस को दिए जाने के संबंध में निर्णय लिया गया। कहा कि 2025 तक राज्य को नशामुक्त बनाने का लक्ष्य बनाया है।
अनुदान की अविलंब आवश्यकता है
मुख्यमंत्री ने कहा कि पुलिस में 18 प्रतिशत आवासीय भवन उपलब्ध हैं। नए थानों, पुलिस चौकियों एवं पुलिस कार्मिकों के लिए आवासीय भवनों का निर्माण कार्य किया जाना अपरिहार्य है। इस कार्य के लिए राज्य सरकार को विशेष अनुदान के रूप में एकमुश्त 750 करोड़ रुपये की अविलंब आवश्यकता है।