यज्ञ भसीन के पिता दीपक भसीन ने बेटे को अभिनेता बनाने के लिए 2017 में नैनीताल हाईकोर्ट में सेक्शन ऑफिसर की नौकरी छोड़ दी थी और पूरा परिवार मुंबई शिफ्ट हो गया था। रोज लोकल ट्रेन से धक्के खाते हुए बेटे को ऑडिशन दिलाने ले जाते। दीपक भसीन ने बताया कि 52 ऑडिशन देने के बाद यज्ञ का सलेक्शन एक शो के लिए हुआ।
धारावाहिक मेरे सांई से यज्ञ ने टीवी इंडस्ट्री में कदम रखा, लेकिन कंगना रणौत के साथ फिल्म पंगा में काम करने का मौका मिलते ही यज्ञ को अलग मुकाम मिला। बताया कि शूटिंग के दौरान जब कंगना रणौत ने कहा कि इस बच्चे की एक्टिंग ने मेरी एक्टिंग को टक्कर दी है। तो यह सुनकर मैं अपनी सारी तकलीफें भूल गया। वह कहते है कि मैंने जितना शुरुआत में खोया था, उससे कहीं ज्यादा पाया है।
महिला मुद्दों पर बात ‘छोटी बोंदिता’ को बना गई खास
बैरिस्टर बाबू में बोंदिता के किरदार को छोटी सी औरा ने जिस परिपक्वता से निभाया, उससे शो के मेकर्स को भी चकित कर दिया। शो के जरिए वह महिलाओं के प्रति रूढ़िवादी सोच के खिलाफ आवाज उठाती हैं। लड़कियों की पढ़ाई से लेकर महावारी तक के मुद्दों पर छोटी सी बोंदिता बड़ों-बड़ों को समझा देती। मां दीप्ती भटनागर औरा को अभ्यास कराने में सहयोग करती हैं।