मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत
- फोटो : अमर उजाला फाइल फोटो
चुनावी साल में मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत ने शनिवार को एक और दायित्वधारी की घोषणा की है। मुख्यमंत्री ने आज हरिद्वार निवासी नेपाल सिंह कश्यप को मत्स्य विकास अभिकरण में उपाध्यक्ष दि्वतीय पद पर मनोनीत किया है। कश्यप को राज्यमंत्री का दर्जा दिया गया है। मुख्यमंत्री ने कश्यप से अपेक्षा की है कि वे प्रदेश में मत्स्य गतिविधियों को बढ़ावा देने में अपना भरपूर योगदान देंगे।
वहीं शुक्रवार को मुख्यमंत्री ने 17 दायित्वधारियों की घोषणा कर दी है। इन सभी दायित्वधारियों का दर्जा राज्यमंत्री स्तर का होगा। अब प्रदेश सरकार में दायित्वधारियों की संख्या बढ़कर 90 हो गई है। इससे पूर्व प्रदेश सरकार काबीना और राज्यमंत्री स्तर के 72 दायित्वधारी बना चुकी है।
दायित्वधारियों की सूची में चिन्यालीसौढ़ के रामसूरत नौटियाल को मत्स्य पालक विकास अभिकरण का उपाध्यक्ष बनाया गया है। रानीखेत के कैलाश पंत उत्तराखंड राज्य आपदा प्रबंधन सलाहकार समिति के अध्यक्ष, चकराता के प्रताप सिंह रावत वन विकास निगम के उपाध्यक्ष और महुआ डाबरा जसपुर के मुकेश कुमार उत्तराखंड अनुसूचित जाति आयोग के अध्यक्ष बनाए गए हैं।
सितारगंज के कमल जिंदल को उत्तराखंड वन व पर्यावरण सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष, रुड़की के संजय सिंह ठाकुर को राज्य वन्यजीव सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष, जागेश्वर के मोहन सिंह मेहरा को राष्ट्रीय ग्रामीण स्वास्थ्य सलाहकार एवं अनुश्रवण परिषद का अध्यक्ष, रुद्रप्रयाग के डॉ.आशुतोष किमोठी को जड़ी बूटी शोध व विकास संस्थान का उपाध्यक्ष, रामनगर के हरीश दफोटी को हरीराम टम्टा परंपरागत शिल्प उन्नयन संस्थान का अध्यक्ष, हरिद्वार के विमल कुमार को मुख्यमंत्री लघु उद्योग का सलाहकार, टिहरी की पूर्व ब्लाक प्रमुख बेबी असवाल को राज्य महिला उद्यमिता परिषद की अध्यक्ष, पौड़ी की सुषमा रावत को राज्यस्तरीय महिला सतर्कता समिति की अध्यक्ष, डोईवाला के अरुण कुमार सूद को राज्यस्तरीय खेल परिषद का अध्यक्ष, देहरादून के पंडित सुभाष जोशी को वरिष्ठ नागरिक कल्याण परिषद का अध्यक्ष, सल्ट के दिनेश मेहरा को राजकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान सलाहकार समिति का उपाध्यक्ष, देहरादून के अनिल गोयल को उत्तराखंड नागरिक उड्डयन विकास प्राधिकरण का उपाध्यक्ष और प्रतापनगर टिहरी के प्रेमदत्त जुयाल को उत्तराखंड कृषक मित्र परिषद का उपाध्यक्ष बनाया गया है।