मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी आज शुक्रवार को टिहरी, पिथौरागढ़ व ऊधमसिंहनगर के दौरे पर रहेंगे। शुक्रवार को मुख्यमंत्री धामी ने पहले टिहरी के गजा में घंटाकर्ण धाम का लोकार्पण किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि देवभूमि पूरी दुनिया में अपनी धार्मिक संस्कृति के लिए प्रसिद्ध है। यहां हर क्षेत्र में भगवान का वास है और सरकार मंदिरों और पर्वों को लेकर गंभीर है। इसके बाद मुख्यमंत्री वहां से रवाना होकर जौलीग्रांट एयरपोर्ट पहुंचे।
14 नवंबर को देहरादून लौटेंगे मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी
यहां से मुख्यमंत्री स्टेट प्लेन से पिथौरागढ़ रवाना हो गए। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी अपने तीन दिवसीय भ्रमण कार्यक्रम के तहत दोहपर करीब ढाई बजे पिथौरागढ़ पहुंचे। मुख्यमंत्री स्टेट प्लेन से नैनीसैनी एयरपोर्ट पहुंचे। यहां से उनके स्वागत में रोडशो निकाला गया। इस दौरान मुख्यमंत्री लोगों से भी मिले। इसके बाद मुख्यमंत्री ने देव सिंह मैदान में शरदोत्सव व विकास प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। यहां उन्होंने करोड़ों के विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास भी किया। भाजपा कार्यालय में अधिकारियों के साथ बैठक भी की।
14 नवंबर को मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी देहरादून लौटेंगे और 15 नवंबर को वह कुमाऊं दौरे पर आ रहे भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा के प्रवास कार्यक्रम में शामिल होने के लिए जाएंगे। नड्डा 16 नवंबर तक कुमाऊं के अल्मोड़ा जिले में प्रवास करेंगे।
धार्मिक पर्यटन के लिए उत्तराखंड सबसे उपयुक्त
शुक्रवार को टिहरी में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि धार्मिक पर्यटन के लिए उत्तराखंड सबसे उपयुक्त है। प्रदेश के ऐसे धार्मिक पर्यटक स्थल हैं, जो सड़क से दूर हैं। जल्द ही इन स्थलों को सड़कों से जोड़ा जाएगा। देहरादून से टिहरी के बीच आठ हजार करोड़ की लागत से बनने वाली सुरंग के निर्माण की प्रधानमंत्री ने सैद्धांतिक स्वीकृति दे दी है। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल लाइन और ऑल वेदर परियोजना निर्माण पूरा होते ही उत्तराखंड देश का सबसे समृद्ध राज्य होगा। मुख्यमंत्री ने गजा क्षेत्र के घंटाकर्ण मंदिर को सड़क से जोड़ने, गजा में निर्माणाधीन माली ट्रेनिंग सेंटर का नाम बिमाड गांव के शहीद विक्रम सिंह नेगी, इंटर कॉलेज जाजल का नाम रामपुर गांव के शहीद अजय सिंह रौतेला के नाम पर रखे जाने, घनसाली में शिव शक्ति ढोल संस्कृति संगीत महाविद्यालय खोलने सहित कई विकास योजनाओं की घोषणा की।
शुक्रवार को गजा क्षेत्र में नवनिर्मित घंटाकर्ण मंदिर का लोकार्पण पर बतौर मुख्य अतिथि सीएम धामी ने कहा उत्तराखंड को देश का प्रथम समृद्ध राज्य बनाने के लिए राज्य सरकार निरंतर प्रयासरत है। युवाओं को सरकारी सेवाओं में रोजगार देने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया चल रही है। टिहरी झील में पर्यटन गतिविधियों को प्रोत्साहन देने के लिए केंद्र सरकार की ओर से 12 सौ करोड़ का पैकेज स्वीकृत किया गया है। इससे पहले घंटाकर्ण मंदिर पहुंचकर सीएम ने घंडियाल देवता के दर्शन और पूजा-अर्चना कर प्रदेश की सुख और समृद्धि की कामना की। घंटाकर्ण धाम में ठाकुर शैर्य चक्र विजेता स्व. भगत सिंह सजवाण की मूर्ति स्थल का भूमि पूजन भी किया गया। 16 लाख 50 हजार की लागत से बनी घंटाकर्ण पंपिंग योजना, 10 लाख की लागत से बने यात्री विश्राम गृह का लोकार्पण किया।
कृषि मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि युवाओं और महिलाओं को स्वरोजगार देने के लिए सरकार बिना ब्याज के ऋण मुहैया करा रही है। हंस फाउंडेशन की मंगला माता व भोले महाराज ने कहा घंटाकर्ण का भव्य मंदिर निर्माण होने से अधिक संख्या में श्रद्धालु यहां दर्शन और पूजा-अर्चना के लिए आएंगे। उन्होंने घंटाकर्ण धाम में धर्मशाला निर्माण के लिए 25 लाख देने की घोषणा की।
सीएम ने की घोषणाएं
-तिमली-खनेटी मोटर मार्ग के द्वितीय चरण का शुरू होगा निर्माण कार्य
-कौडियाला- बडीर मोटर मार्ग का निर्माण कार्य
-तैला- अखोडीसेरा मोटर मार्ग का सुधारीकरण एवं डामरीकरण
-शिवपुरी-धौड़ागल्ला मोटर मार्ग का डामरीकरण कार्य
-हिंडोला-मुडाला मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण कार्य
-बांसकाटल मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण कार्य
-भांगला मोटर मार्ग का द्वितीय चरण का निर्माण कार्य,
-गजा पसरखेत से पसरडांडा मोटर मार्ग का डामरीकरण, गजा में वाहन पर्किंग का निर्माण कार्य, गजा पसरखेत से गौताचली मोटर मार्ग का सुधारीकरण व डामरीकरण कार्य
-आईटीआई रणाकोट के अवशेष भवन का निर्माण करने
-बमणगांव-थन्यूल मोटर मार्ग का डामीरकरण
-सिलकणी से पजैगांव जूनियर हाई स्कूल तक मोटर मार्ग का नव निर्माण,
-मुनिकीरेती में चंद्रभागा नदी के बांये तट पर सुरक्षा दीवार निर्माण करने
-बेमुंडा-पिपलेथ मोटर मार्ग का डामरीकरण
-इंटर कॉलेज नैचोली का भवन निर्माण करने, इंटर कॉलेज गजा का नाम स्वतंत्रता संग्राम सेनानी नारायण सिंह चौहान के नाम पर रखे जाने
- घंटाकर्ण मंदिर के लिए बनेगी चार किमी सड़क