खटीमा में एक महिला और उसकी दो बेटियों के रविवार को देवहा नदी में मिले शव के मामले में आरोपी के भाई की तहरीर पर महिला के पति पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस दर्ज हो गया है। आरोपी फरार बताया जा रहा है।
सत्रहमील चौकी के अंतर्गत हल्दी घेरा स्थायी चेकपोस्ट के पास देवहा नदी फीडर संख्या-30 के नीचे महिला और उसकी दो बच्चियों के शव मिले थे। शवों की शिनाख्त इस्लाम नगर वार्ड तीन निवासी सिम्मी और बेटियों फलक और अजना के रूप में हुई है।
वार्ड चार में रहने वाले सिम्मी के भाई मो. अशफाक ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उसकी बहन और भांजी फलक तथा अजना को एक मई को जीजा ने मारपीट कर घर से भगा दिया था। शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न से तंग आकर उसकी बहन ने भांजियों समेत देवहा नदी में कूद कर आत्महत्या कर ली। सोमवार को एसआई बबीता ने तीनों शवों का पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। पुलिस ने मृतका के भाई की तहरीर पर सिम्मी के पति मो. इरफान पर आईपीसी की धारा 306 के तहत केस दर्ज कर लिया है। सीओ मनोज कुमार ठाकुर ने बताया कि मामले की जांच सत्रहमील चौकी प्रभारी जगत सिंह शाही को सौंपी गई है।