फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

उत्तराखंड: कांग्रेस नेत्री इंदिरा हृदयेश पर आपत्तिजनक टिप्पणी से मचे बवाल के बाद बंशीधर भगत ने मांगी माफी

Wed, 06 Jan 2021 09:20 PM IST
अलका त्यागी न्यूज डेस्क, अमर उजाला, देहरादून
विज्ञापन
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत - फोटो : Bansidhar Bhagat / Facebook Page
विज्ञापन

उत्तराखंड में भीमताल दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश की उम्र को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी कर चौतरफा घिरे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष के खिलाफ उन्होंने दुर्भावना से टिप्पणी नहीं की थी। उनके शब्दों से अगर नेता प्रतिपक्ष को कष्ट पहुंचा है तो वह खेद प्रकट करते हैं और अपने शब्द वापस लेते हैं। 

विज्ञापन


इधर, अमर उजाला से फोन पर बातचीत में बंशीधर भगत ने कहा कि एक शब्द हंसी मजाक में निकल गया था। इंदिरा हृदयेश से उनके पारिवारिक संबंध हैं। यह शब्द किसी दुराग्रह से प्रेरित होकर नहीं कहा था। इसका आशय नेता प्रतिपक्ष को आहत करना नहीं था। नेता प्रतिपक्ष के लिए उनके दिल में आदर का भाव है। भगत ने कहा कि वह और उनकी पार्टी महिलाओं के सम्मान के प्रति संकल्पित है। 

इससे पहले सीएम ने इस मामले में देर रात ट्वीट कर इंदिरा हृदयेश से क्षमा मांगी थी। इसके बाद आज दिन में बंशीधर भगत ने ट्वीट कर क्षमा मांगी। उन्होंने लिखा कि 'इंदिरा हृदयेश प्रदेश की सम्मानित नेता हैं और चुनावी क्षेत्र एक होने के कारण नोकझोंक होना स्वाभाविक है। उन्हें व्यक्तिगत क्षति पहुंचाने का मेरा कोई इरादा नहीं था, अगर उन्हें क्षति पहुंची है तो मैं अपना बयान सम्मान पूर्वक वापस लेता हूं'।

विज्ञापन
विज्ञापन

ये है पूरा मामला

दरअसल, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष बंशीधर भगत ने मंगलवार को अपने भीमताल दौरे के दौरान कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. इंदिरा हृदयेश की उम्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। इंदिरा ने अपने एक बयान में कहा था कि कुछ भाजपा विधायक उनके संपर्क में हैं। इस पर भगत ने कहा कि भाजपा का कोई विधायक या मंत्री कांग्रेस के संपर्क में नहीं है। 

उन्होंने कहा कि कहीं ऐसा न हो कि नेता प्रतिपक्ष अपने बेटे के साथ भाजपा में शामिल हो जाएं लेकिन उनके (भगत के) रहते हुए वह भाजपा में शामिल नहीं हो पाएंगी। वायरल हुए एक वीडियो में भगत कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए नेता प्रतिपक्ष की उम्र पर आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ यह कहते सुनाई दे रहे थे कि वे वृद्ध हैं। डूबते जहाज के संपर्क में कौन आता है?

भगत के इस बयान के वायरल होते ही सोशल मीडिया पर कड़ी प्रतिक्रियाएं आने लग गईं। मामला मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत के संज्ञान में आया तो उन्होंने ट्वीट के जरिए भगत के बयान से हुए नुकसान की भरपाई की कोशिश की। उन्होंने ट्वीट कर भगत के बयान पर दुख जताया और व्यक्तिगत रूप से क्षमा मांगी। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें