विजयवर्गीय ने मंत्रियों के साथ बैठक कर लिया फीडबैक
भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने धामी सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक कर छह माह के कार्यकाल का फीडबैक लिया। उन्होंने सरकार व संगठन के बीच परस्पर समन्वय पर जोर दिया। राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि मंत्रियों के कामकाज पर केंद्रीय नेतृत्व की नजर है। आगामी नगर निकाय चुनाव को देखते हुए मंत्रियों को नगर निगम व पालिकाओं की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी।
रविवार को देर शाम सीएम आवास में राष्ट्रीय महामंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने सरकार के मंत्रियों के साथ बैठक की।
हालांकि कई मंत्री अन्य कार्यक्रमों में व्यस्त होने के चलते बैठक में नहीं पहुंचे। बैठक में मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सरकार के भावी लक्ष्यों और विजन की जानकारी दी। सीएम ने कहा कि 2025 तक उत्तराखंड को देश के सबसे अग्रणी राज्यों में शामिल करने की दिशा में सरकार बढ़ रही है। अगले पांच सालों में राज्य की जीडीपी को दोगुना करने का लक्ष्य बनाया गया है। दूसरे राज्यों की सफल योजनाओं का अध्ययन सरकार कर रही है। जिससे व्यवहारिकता को जांचते हुए उन योजनाओं को राज्य में लागू किया जा सके।
बैठक में भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री विजयवर्गीय ने कहा कि सरकार जनता के लिए अच्छे निर्णय ले रही है। इन निर्णयों के बारे में जनता को बताना भी है। सरकार व संगठन परस्पर समन्वय से जनता के बीच जाकर कार्य करेंगे। उन्होंने मंत्रियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि सरकार व संगठन से जुड़े मामलों में सोच समझकर बयान दें। विजयवर्गी ने कहा कि संगठन से संबंधित मुद्दों पर प्रदेश अध्यक्ष और सरकार से जुड़े मामलों में मुख्यमंत्री से पहले बातचीत करें।
उन्होंने कहा कि संगठन की ओर से दिए गए निर्देशों का सख्ती से पालन किया जाए। प्रभारी मंत्री अपने-अपने जिलों का दौरा करें। जिला स्तर के कार्यकर्ताओं से भी समन्वय जरूरी है। उन्होंने कहा कि आगामी नगर निकाय चुनावों को देखते हुए मंत्रियों को जिलों पर विशेष फोकस करने की आवश्यकता है। मंत्रियों को नगर निगम व पालिकाओं की जिम्मेदारी सौंपी जाएगी। बैठक में आगामी लोकसभा चुनाव और हिमाचल प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर भी चर्चा की गई। इस दौरान कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज, सुबोध उनियाल, प्रेमचंद अग्रवाल, चंदन राम दास, भाजपा अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, प्रदेश महामंत्री संगठन अजेय कुमार मौजूद रहे।