भानियावाल से ऋषिकेश और पांवटा साहिब से बल्लूपुर रोड फोर लेन होगी। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) इन दोनों परियोजनाओं की डीपीआर तैयार कर रहा है। इन दोनों मार्गों के चौड़ीकरण से स्थानीय लोगों के साथ ही पर्यटकों और श्रद्धालुओं की यात्रा सुगम हो सकेगी।
एनएचएआई के अधिकारियों ने बुधवार को शासन में भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन प्रस्ताव का पावर प्वाइंट प्रस्तुतिकरण किया। इस परियोजना के बनने से जहां राजधानी से जौलीग्रांट एयरपोर्ट तक के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगी वहीं यात्रा सुगम हो सकेगी। ट्रैफिक जाम की समस्या से भी छुटकारा मिल सकेगा। इन दोनों मार्गों पर ट्रैफिक का भारी दबाव होता है।
सचिव (लोनिवि) रमेश कुमार सुधांशु ने प्रदेश और कुंभ मेला क्षेत्र में चल रहे एनएचएआई के कार्यों प्रगति की समीक्षा की। उन्होंने एनएचआई के अधिकारियों को दोनों सड़कों की डीपीआर जल्द से जल्द तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इन दोनों मार्गों के चौड़ीकरण से यातायात और अधिक सुगम होगा। बैठक में प्रमुख अभियंता लोनिवि हरिओम शर्मा, एनएचआई के क्षेत्रीय अधिकारी सी के सिन्हा मौजूद रहे।
भानियावाला से एयरपोर्ट तक एलीवेटेड रोड का प्रस्ताव
एनएचएआई ने भानियावाला-ऋषिकेश फोरलेन प्रोजेक्ट की जो डीपीआर तैयार कर रहा है, उसमें एक एलीवेटेड रोड का भी प्रस्ताव है। यह एलीवेटेड रोड भानियावाला से एयरपोर्ट तक बनेगा। इसके अलावा एलीफेंट कोरिडोर को देखते हुए कुछ और हिस्सों में एलीवेटेड रोड बनाने की योजना है। फोरलेन होने से एयरपोर्ट और ऋषिकेश से जाने वाले यात्रियों को काफी सुविधा होगी। वे ट्रैफिक जाम में नहीं फंसेंगे।
ऋषिकेश तक 19 किमी मार्ग होगा फोरलेन
भानियावाला से ऋषिकेश के बीच 19 किमी मार्ग फोरलेन बनेगा। मार्ग को इस ढंग डिजाइन किया जाएगा कि उसमें पड़ने वाले मोड़ों को भी काफी हद तक कम किए जाने की योजना है। एलीवेटेड रोड एयरपोर्ट की ओर जाने वाले मार्ग तक बनेगा। यहां से मार्ग फोरलेन तैयार होगा।
पांवटा से बल्लूपुर 48 किमी होगा फोर लेन
एनएचआई हिमाचल प्रदेश के पांवटा साहिब से बल्लूपुर तक 48 किमी मार्ग को फोरलेन की शक्ल देगा। इसकी डीपीआर बनाने की तैयारी शुरू हो गई है। इस मार्ग के चौड़ीकरण से क्षेत्र के लोगों को ट्रैफिक जाम की समस्या से छुटकारा मिलेगा।
15 जनवरी तक तैयार हो जाएगा हरिद्वार-देहरादून फोर लेन
हरिद्वार-देहरादून फोर लेन 15 जनवरी तक बनकर तैयार हो जाएगा। एनएचएआई के अधिकारियों ने सचिव लोनिवि को यह जानकारी दी। उन्होंने बताया कि 15 जनवरी तक कुंभ मेला क्षेत्र में एनएचआई के तकरीबन सभी कार्य पूरे हो जाएंगे। हरिद्वार-नजीबाबाद रोड के सुधारीकरण का कार्य भी युद्धस्तर पर जारी है।
एनएच 58 भानियावाला से ऋषिकेश का हिस्सा फोरलेन नहीं हो पाया है। राज्य सरकार ने एनएचआई से इस हिस्से को फोरलेन बनाने का अनुरोध किया था। एनएचआई ने
इस प्रस्ताव पर काम शुरू कर दिया है। इसका आज प्रस्तुतिकरण हुआ। इससे पूर्व मुख्यमंत्री के समक्ष भी प्रस्तुतिकरण हो चुका है। फोरलेन होने से एयरपोर्ट के लिए सीधी कनेक्टिविटी मिल जाएगा। छह महीने में इसमें काफी प्रगति हो चुकी होगी।
- आरके सुधांशु, सचिव, लोनिवि