सब्यसाची व अर्चिता ने किया ट्वीट तो गया ध्यान
उत्तरकाशी के साल्ड गांव में स्थापित भगवान जगन्नाथ मंदिर की ओर कैसे ध्यान गया, इस बारे में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने दिलचस्प किस्सा सोशल मीडिया पर साझा किया। बकौल प्रधान, ओडिशा से एक सज्जन जनार्दन महापात्र देहरादून के किसी संस्थान में अपनी बेटी का दाखिला कराने आए थे। इस दौरान उन्हें जगन्नाथ मंदिर की तलाश थी। पूछने पर उन्हें बताया गया कि उत्तरकाशी में जगन्नाथ मंदिर है। फिर वे उत्तरकाशी स्थित मंदिर पहुंच गए। उन्होंने फिल्म अभिनेता सब्यसाची से यह बात साझा की। सब्यसाची व अर्चिता ने जगन्नाथ मंदिर की जानकारी और वीडियो ट्वीटर पर अपलोड किए। मंदिर का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जो प्रधान तक भी पहुंचा। 12वीं सदी के अनूठे जगन्नाथ मंदिर के बारे में जानकर उन्होंने इसे उद्धार के लिए फौरन मुख्यमंत्री पुष्कर धामी से बात की।
सोशल मीडिया आजकल कई ऐसी धरोहर को हमारे सामने लाने का काम करता है, जिनके बारे में हमें अधिक पता नहीं होता। कुछ ऐसा ही उत्तराखंड के उत्तरकाशी जिले में हुआ। साल्ड गांव स्थित जगन्नाथ मंदिर का अब विकास होगा।
- धर्मेंद्र प्रधान, केंद्रीय शिक्षा मंत्री
मैंने 12वीं शताब्दी के प्राचीन जगन्नाथ मंदिर के बारे में सीएम धामी से विस्तार से चर्चा की। उनसे मंदिर में नियमित रूप से पूजा-अर्चना, मंदिर के संरक्षण व महाप्रभु के भोग के लिए उचित व्यवस्था करने का आग्रह किया है।
-संबित पात्रा, राष्ट्रीय प्रवक्ता, भाजपा
जगन्नाथ मंदिर के विकास के लिए राज्य सरकार हर संभव मदद करेगी। एक भारत श्रेष्ठ भारत की अवधारणा से मंदिर को विकसित किया जाएगा। यह मंदिर राज्य के साथ पूरे देश की धरोहर है। मंदिर का संरक्षण कर उसका नव निर्माण कार्य व विस्तारीकरण होगा।
- पुष्कर सिंह धामी, मुख्यमंत्री