राजभवन में जैसे ही शपथ ग्रहण का समय नजदीक आता गया, वैसे ही भीड़ बढ़ती चली गई। इस दौरान कोरोना का खौफ हवा हवाई था। न कोई सोशल डिस्टेंसिंग थी और न ही अन्य एहतियात।
रविवार को राजभवन में शपथ ग्रहण समारोह के लिए पंडाल सजाया गया। यहां स्टेज के एक ओर जहां मंत्रियों को बैठाया गया था तो सामने की ओर सबसे आगे सांसद व अन्य गणमान्य बैठे थे। इसके पीछे ही ओर लोगों के बैठने का इंतजाम किया गया था।
शपथ ग्रहण समारोह का समय नजदीक आने के साथ ही राजभवन में भीड़ बढ़ने लगी। वैसे तो कुर्सियां बैठने को लगाई गई थी, लेकिन कोई इन पर मंत्री व गणमान्यों को छोड़कर कोई नहीं बैठा।
या तो वह कुर्सियों पर खड़े रहे या सामाजिक दूरी भूलकर वीडियो बनाने और नारेबाजी करने में मशगूल नजर आए। उधर, अपने चहेते सीएम और मंत्रियों को बुके देने, उनके साथ तस्वीरें लेने को लेकर भी कार्यकर्ताओं में भारी उत्साह नजर आया। पूरे शपथ ग्रहण समारोह के दौरान कोविड गाइडलाइंस की पूरी तरह से धज्जियां उड़ती नजर आईं।