1987 बैच के आईपीएस अनिल रतूड़ी ने सोमवार को उत्तराखंड के 10वें डीजीपी के रूप में कार्यभार संभाल लिया। निवर्तमान पुलिस महानिदेशक एमए गणपति के डेप्युटेशन पर केंद्र में जाने से अनिल रतूडी की ताजपोशी हुई है। सोमवार को गणपति की विदाई समारोह के साथ ही रतूड़ी ने डीजीपी की कुर्सी संभाली।
डीजीपी अनिल रतूड़ी ने कहा कि पुलिस दबाव और भेदभाव से काम नहीं करेगी। आम से लेकर खास व्यक्ति की सुरक्षा और अपराधियों के साथ सख्ती पुलिस की प्राथमिकता होगी। पुलिस विधिक कार्यों के संचालन के साथ आम जनता का भरोसा जीतकर उत्तराखंड को अपराध मुक्त बनाएगी।
पुलिस मुख्यालय में आयोजित समारोह में वक्ताओं ने निवर्तमान डीजीपी एमए गणपति के कार्यकाल की सराहना की। वक्ताओं ने कहा कि गणपति ने पुलिस विभाग की मजबूती और कर्मचारियों के कल्याण के लिए कार्य किया।
एमए गणपति ने कहा कि पुलिस महकमे में सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों के सहयोग के चलते ही कार्यकाल यादगार रहा। नवनियुक्त पुलिस महानिदेशक अनिल रतूडी ने निवर्तमान डीजीपी एमए गणपति को प्रतीक चिन्ह प्रदान किया।