मोहनपुरा के पास ईटों से भरी ट्राली के नीचे दबकर दो मजदूरों की मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक व एक अन्य साथी हादसा हो जाने के बाद मौके से फरार हो गए। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया हैं। पुलिस मामले में मुकदमा दर्ज करने की तैयारी कर रही है।
मंगलौर क्षेत्र के ठसका गांव निवासी अंकित, ललित, विकास व प्रविंद्र एक ईटों से भरी ट्रैक्टर-ट्राली लेकर करीब एक बजे रुड़की की ओर आ रहे थे। जैसे ही ट्रैक्टर-ट्राली मोहनपुरा के पास पुल पर चढने लगी तो अचानक ट्रैक्टर-ट्राली पलट गई।
जिसमें ट्राली के उपर बैठे अंकित पुत्र मुन्ना व ललित पुत्र कृष्ण ईटों के नीचे दब गए। वहीं ट्रैक्टर चालक प्रविंद्र व एक अन्य साथी विकास ट्रैक्टर से कूदकर फरार हो गए।
सूचना पाकर सिविल लाइंस कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची। इस दौरान 20 वर्षीय अंकित को तो आसानी से ईटों के नीचे से निकाल लिया गया। जिसकी मौत हो चुकी थी, लेकिन ललित का कुछ पता नहीं चल पाया।
जिसके बाद रुड़की व मंगलौर से दो क्रेन मंगाई गई। जिसके बाद 28 वर्षीय ललित को ईटों के नीचे से निकाला गया, लेकिन ईटों के नीचे से निकाले जाने तक ललित की भी मौत हो चुकी थी।