भारतीय जनता पार्टी में नए मुख्यमंत्री की शपथ से पहले एक ओर जहां विरोध की तमाम चर्चाएं चलती रहीं तो दूसरी ओर पार्टी अध्यक्ष मदन कौशिक के आवास पर मैराथन बैठक। करीब पांच घंटे तक बैठक करने के बाद बाहर आकर अध्यक्ष कौशिक ने कहा, ऑल इज वेल। उन्होंने साफ कर दिया कि मुख्यमंत्री के साथ सभी मंत्री भी शपथ ग्रहण करेंगे।
रविवार को सुबह से ही पार्टी में नए मुखिया के चयन पर वरिष्ठ नेताओं के विरोधी सुर की चर्चाएं आम होने लगीं। तरह-तरह की चर्चाओं के बीच करीब 11.30 बजे भाजपा प्रदेश अध्यक्ष मदन कौशिक के यमुना कालोनी स्थित आवास पर चहल-पहल शुरू हो गई। यहां प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, महामंत्री संगठन अजय कुमार और प्रदेश महामंत्री कुलदीप कुमार पहुंचे। भीतर बैठक शुरू हो गई।
इस बीच मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, स्वामी यतीश्वरानंद दो बार भीतर गए। वहीं, मंत्री बिशन सिंह चुफाल भी एक बार बैठक में पदाधिकारियों से मिलने पहुंचे। हालांकि इनमें से किसी ने भी किसी तरह के विरोध या बगावत जैसी किसी भी बात से साफ इंकार किया।
करीब पांच घंटे तक मीडियाकर्मी प्रदेेश अध्यक्ष मदन कौशिक से मिलने का इंतजार करते रहे। तमाम तरह की चर्चाएं परवान चढ़ती रही लेकिन जब प्रदेश अध्यक्ष कौशिक आवास से बाहर आए तो उनके चेहरे पर संतुष्टि के भाव थे। बाहर आकर उन्होंने विरोध की बातों को कोरी अफवाह बताते हुए कहा कि पार्टी में ऑल इज वेल है। कोई भी नाराज नहीं है। तय समय पर मुख्यमंत्री और मंत्रियों का शपथ ग्रहण समारोह आयोजित होने जा रहा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट कर दिया कि विधानमंडल ने जिसे नेता चुन लिया है, पूरे पार्टी और हर कार्यकर्ता व पदाधिकारी उनके साथ है। कहीं कोई भी विरोध नहीं है।