शपथ लेने के बाद सीएम पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि युवाओं और पार्टी की उनसे जो उम्मीदें हैं उन पर वह खरा उतरेंगे। सरकार विभागों में खाली पदों को भरेगी और युवाओं को रोजगार से जोड़ने का काम करेगी।
चुनाव पर कोई असर नहीं
पांच साल में तीन मुख्यमंत्री बनाए जाने का आगामी विधानसभा चुनाव पर असर के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका कोई असर नहीं होगा। उत्तराखंड में केंद्र औरराज्य सरकार ने बहुत काम किए हैं। उन्होंने कहा कि हम उन कामों को जनता के बीच लेककर जाएंगे।
लोगों को राहत देंगे
प्रदेश में कोविड की वजह से लोगों की आजीविका बुरी तरह से प्रभावित हुई है। सरकार का प्रयास होगा कि इसे रास्ते पर लाया जाए। लोगों को राहत दी जाएगी।
प्रदेश की समस्याओं से वाकिफ हूं
मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद पहली बार मीडिया से वार्ता में उन्होंने कहा कि वह सैनिक परिवार में पैदा हुए हैं। सीमांत पिथौरागढ़ जिले में उनकी पांचवीं तक की पढ़ाई हुई। जबकि भारत-नेपाल सीमा क्षेत्र से लगा खटीमा उनकी कर्मस्थली है। वह प्रदेश की समस्याओं से भली भांति वाकिफ हैं।
विभागों में खाली व बैकलॉग के पद भरे जाएंगे
सरकार, सरकार के रूप में नहीं बल्कि जनता की साझेदार के रूप में काम करेगी। उन्होंने कहा कि विभागों में खाली एवं बैकलॉग के पदों को भरा जाएगा।
पूरी क्षमता से काम कर सकें, इसलिए बढ़ाया कद
तीन राज्यमंत्रियों को कैबिनेट मंत्री बनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि सब एक से एक काबिल हैं, सब अपनी पूरी क्षमता से काम कर पाएं इसके लिए उनका प्रमोशन किया गया है।आने वाले समय में इसका परिणाम देखने को मिलेगा।
पुरानी बातें हैं भूल जाइये
सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे उनके एक विवादित भाषण पर पूछे जाने पर उन्होंने कहा कि यह पुरानी बाते हैं इसे भूल जाइए।