हितधारकों के सुझाव भी कार्ययोजना में शामिल हों
सीएम ने स्थानीय जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों को यात्रा से जुड़े हितधारकों के साथ बैठक कर उनके सुझाव को भी कार्ययोजना में शामिल करने की बात कही। उन्होंने कहा कि यात्रा का मार्ग उच्च हिमालयी क्षेत्र और संवेदनशील है।
भीड़ और आपदा प्रबंधन के लिए एसओपी बनेगी
सीएम ने यात्रा में बेहतर भीड़ प्रबंधन, पर्यावरण की दृष्टि से आपदा प्रबंधन, सिंगल यूज्ड प्लास्टिक पर प्रतिबंध के लिए एसओपी बनाने के निर्देश दिए। यात्रा मार्ग के साथ ही वैकल्पिक मार्गो का चिह्नीकरण और सुधार, आबादी वाले गांव में छोटी-छोटी पार्किंग, पेयजल, शौचालय, इको टेंट कॉलोनी, गाड़-गदेरों का सौंदर्यीकरण, विद्युत आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
यात्रा मार्ग के अस्थाई व स्थाई कार्य एक माह में शुरू होंगे
सीएम ने कहा कि यात्रा मार्ग में बेहतर नेटवर्क की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। यात्रा मार्ग में अस्थाई और स्थाई कार्यों को चिह्नित करते हुए स्थाई संरचनाओं की एक माह के भीतर शासकीय स्वीकृति प्रदान कराते हुए कार्य शुरू करें। आपदा विभाग को भू स्खलन वाले क्षेत्रों के चिह्नीकरण के साथ ही आवश्यतानुसार मार्ग में पर्याप्त मात्रा में जेसीबी, पोकलैंड के साथ ही ऑपरेटर तैनात रखने के भी निर्देश दिए।