भूस्खलन से चामासारी का संपर्क कटा, ग्रामीणों के सामने आवागमन का संकट
लगातार हो रही बारिश के कारण ग्राम पंचायत चामासारी का संपर्क क्षेत्र के अन्य इलाकों से लगभग पूरी तरह कट गया है। कई स्थानों पर सड़कें और पैदल मार्ग भूस्खलन की चपेट में आने से बंद हो गए हैं, जिससे ग्रामीणों के साथ-साथ स्कूली बच्चों को भी भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
ग्राम प्रधान विक्रम रावत ने बताया कि बालोगंज से चामासारी तक जाने वाली मुख्य मोटर मार्ग कंपनी बाग के आगे पहाड़ी खिसकने से पूरी तरह बंद हो गई है। सड़क का बड़ा हिस्सा क्षतिग्रस्त होने के कारण वाहनों की आवाजाही पूरी तरह ठप हो गई है। इससे चामासारी के ग्रामीणों का मुख्य संपर्क मार्ग बंद हो गया है और बच्चों का स्कूल जाना भी प्रभावित हो रहा है।
उन्होंने बताया कि बारलोगंज-झड़ीपानी से सिमियाना तक लगभग चार किलोमीटर लंबी सड़क भी पूरी तरह बंद है। इसके अलावा सिमियाना से चामासारी तक का पैदल मार्ग भी भूस्खलन के कारण बाधित हो गया है। राजपुर से तालियानीगाड तक सड़क का हिस्सा भी क्षतिग्रस्त होकर बंद हो गया है, जबकि सिमियाना कंपनी बाग से तालियानीगाड तक का मार्ग भी आवागमन के लिए अनुपयोगी हो चुका है। खेतवाला की सड़क पहले से ही बंद पड़ी है, जिससे पूरे क्षेत्र में आवागमन की समस्या और गंभीर हो गई है।
ये भी पढे़ं...उत्तराखंड: चारधाम यात्रा रुकी, मालदेवता में रिकॉर्ड बारिश दर्ज, हाईवे बंद, कई जगह बाढ़ जैसे हालात, तस्वीरें
ग्राम प्रधान विक्रम रावत ने कहा कि लगातार सड़कें बंद होने से ग्रामीणों को दैनिक जरूरतों की वस्तुएं लाने, मरीजों को अस्पताल पहुंचाने और बच्चों को स्कूल भेजने में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। उन्होंने लोक निर्माण विभाग और जिला प्रशासन से मांग की है कि प्रभावित स्थानों पर तत्काल जेसीबी और अन्य मशीनें भेजकर सड़कें खोलने का कार्य युद्धस्तर पर शुरू कराया जाए, ताकि क्षेत्र के लोगों को राहत मिल सके।