ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग दूसरे दिन भी बंद रहा। कई स्थानों पर मलबा आने से लोनिवि एनएच श्रीनगर गढ़वाल की टीम दिन मौके से मलबा हटाती रही। वाहनों को वाया नरेंद्रनगर, चंबा और खाड़ी से देवप्रयाग मार्ग पर डायवर्ट किया गया।
ऋषिकेश-बदरीनाथ हाईवे पर तोताघाटी और देवप्रयाग के बीच लगातार भूस्खलन हो रहा है। भारी बोल्डर पहाड़ से हाईवे पर गिर रहे हैं। कई स्थानों पर पुश्ते टूटने से मार्ग भी संकरा हो गया है। मंगलवार रात से लगातार हो रही बारिश के कारण शिवपुरी, व्यासी, सिंगटाली, कौडियाला, तोताघाटी के पास मलबा आने से हाईवे बंद रहा। बड़े बड़े बोल्डर गिरने से उन्हें हटाने में विभाग को परेशानी हो रही है। वहीं लगातार बारिश में हाईवे पर आया मलबा हटाना भी विभाग के सामने चुनौती है।
हाईवे अवरुद्ध होने के कारण ऋषिकेश से गोपेश्वर, श्रीनगर, पांडुकेशर जाने वाली रोडवेज की बसें वाया नरेंद्रनगर, चंबा होकर श्रीनगर पहुंची। प्राइवेट बसें भी इसी मार्ग पर संचालित हुई। वहां आने वाली बसें मलेथा, भागीरथीपुरम, चंबा होते हुए ऋषिकेश पहुंचे। वहीं बारिश के कारण ऋषिकेश घट्टूगाड-सिलोगी मोटरमार्ग और लक्ष्मणझूला कांडी मोटरमार्ग मलबा आने के कारण बंद रहा। सिलोगी मार्ग पर एनएच धुमाकोट की जेसीबी मलबा हटाती रही। जबकि लक्ष्मणझूला कांडी मोटरमार्ग पर भी लोनिवि दुगड्डा डिवीजन की जेसीबी मलबे को साफ करती रही।
ऋषिकेश बदरीनाथ राष्ट्रीय राजमार्ग पर शिवपुरी, व्यासी, सिंगटाली, कौडियाला, तोताघाटी सहित कई स्थानों पर बार बार मलबा गिर रहा है। विभाग की जेसीबी मौके पर मलबे को साफ कर रही हैं। लगातार हो रही बारिश से परेशानी हो रही है। शुक्रवार सुबह तक हाईवे खुल सकेगा।
- बीएन द्विवेदी, सहायक अभियंता लोनिवि एनएच श्रीनगर गढ़वाल
बुधवार को सेलाकुई में अचानक स्वारना नदी का जल स्तर बढ़ने से दो लोग नदी के बीच बने टापू में फंस गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों का सकुशल रेस्क्यू किया। जानकारी के अनुसार शाम छह बजे थाना सेलाकुई पर सूचना प्राप्त हुई की स्वारना नदी पुल से ऊपर बीच नदी में दो व्यक्ति टापू पर बैठे थे कि अचानक नदी क्षेत्र के मुहाने पर बरसात होने के कारण नदी का जल स्तर बढ़ गया।
जिसमें दोनों व्यक्ति बीचों-बीच बने टापू पर फंस गए। सूचना पर थानाध्यक्ष विनोद राणा पुलिस फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने बिना देरी किए मानव श्रृंखला बनाकर रस्सी और बल्लियों के सहारे दोनों को सुरक्षित बाहर निकाला।
रेस्क्यू किए गए लोगों की पहचान निर्मल पाल पुत्र महेंद्र सिंह पाल निवासी शिव नगर बस्ती सेलाकुई मूल निवासी नयागांव पीलियो थाना पटेल नगर देहरादून और छोटू पुत्र भिकवा सिंह निवासी शिव नगर बस्ती सेलाकुई मूल निवासी ग्राम सिरकोट जनपद बिजनौर यूपी के रूप में हुई। पुलिस टीम में एसएसआई आलोक गौड़, प्रवेश रावत, आरक्षी महेंद्र सिंह, राजवीर रमोला, होमगार्ड जनक सिंह शामिल रहे।