लगातार हो रही बारिश से टिहरी झील का जलस्तर भी बढ़ने लगा है। तीन दिन में ही झील के जलस्तर में 5.3 मीटर का इजाफा हुआ है। झील का जलस्तर रिवर लेवल (आरएल) 751.90 मीटर तक पहुंच गया है। टिहरी बांध की चारों टरबाइनें चल रही है, जिससे पांच मिलियन यूनिट विद्युत उत्पादन हो रहा है। टीएचडीसी को झील में आरएल 828 मीटर तक पानी भरने की अनुमति है।
भारी बारिश के चलते नदियां और गदेरे उफान पर बह रहे हैं। टिहरी झील का जलस्तर भी धीरे-धीरे बढ़ने लगा है। 18 जून सुबह 8 बजे तक झील का जलस्तर आरएल 746.60 मीटर था। 20 जून को जलस्तर बढ़कर आरएल 751.90 मीटर तक पहुंच गया है। झील से 195 क्यूमेक्स पानी छोड़ा जा रहा है। भागीरथी नदी से झील में 550 क्यूमेक्स, भिलंगना नदी से 326.99 क्यूमेक्स और अन्य गदेरों से 263.11 क्यूमेक्स पानी आ रहा है।
झील का जलस्तर बढ़ने पर फिलहाल विद्युत उत्पादन में कोई इजाफा नहीं हुआ है। 18 जून की भांति बांध की चारों टरबाइन से पांच मिलियन यूनिट बिजली का उत्पादन हो रहा है। मानसून सीजन में झील का जलस्तर बढ़ने के साथ ही झील किनारे भूस्खलन का खतरा बढ़ जाता है, लेकिन फिलहाल झील के आसपास भूस्खलन देखने को नहीं मिला है। डीएम इवा आशीष श्रीवास्तव का कहना है कि नदियों का जलस्तर बढ़ने पर सभी एसडीएम को अलर्ट रहने को कहा गया है। कंट्रोल रूम से प्रत्येक तहसील से बारिश से होने वाले नुकसान की जानकारी ली जा रही है।
कोटद्वार के रिखणीखाल ब्लाक के ग्राम डोबरिया रथुवाढाब निवासी एक महिला की मंदाल नदी में बहने से मौत हो गई। ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस से नदी से मृतका का शव बरामद कर लिया है।
डोबरिया गांव निवासी कलावती उर्फ सुमित्रा देवी (48) पत्नी भारत सिंह रावत शनिवार शाम को बरसात के दौरान गांव के गदेरे की ओर गई थी। तभी गदेरे के तेज बहाव में उसका पैर फिसल गया और वह बहते हुए करीब दो किमी. नीचे मंदाल नदी में चली गई। शनिवार देर शाम तक महिला के घर नहीं लौटने पर गांव के लोग अनहोनी की आशंका में रात भर उसकी तलाश करते रहे।
रविवार सुबह गांव के लोगों ने रथुवाढाब के पास मंदाल नदी के पास महिला को पानी में गिरा देखा। उन्होंने इसकी सूचना रथुवाढाब पुलिस चौकी को दी। इसके बाद रिखणीखाल से पहुंची पुलिस की टीम ने ग्रामीणों की मदद से महिला को नदी से बाहर निकाला, लेकिन तब तक महिला की मौत हो चुकी थी। सीओ कोटद्वार अनिल कुमार जोशी ने बताया कि महिला का पाति गांव में मजदूरी करता है। उसकी दो बेटी और एक बेटा है। बेटा सेना में कार्यरत है। बताया कि पोस्टमार्टम के लिए शव कोटद्वार भेज दिया गया है।