भारतीय राष्ट्रीय युवा कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रदेश के लापता सैनिक हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी की खोज को उत्तराखंड सरकार से ठोस पहल किए जाने की मांग की है। उन्होंने मुख्यमंत्री को ज्ञापन भेज सैनिक की वापसी को केंद्र सरकार से पाक पर दबाव बनाए जाने की मांग की।
बृहस्पतिवार को मुख्यालय में युवा कांग्रेस कार्यकर्ता एकत्र हुए। उन्होंने एडीएम डॉ एसके बरनवाल के माध्यम से मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत को ज्ञापन भेजा। इस मौके पर युवा कांग्रेस के जिला उपाध्यक्ष आशीष नेगी व नगर अध्यक्ष अंकित सुंदरियाल ने बताया कि 11 गढ़वाल राइफल्स के सैनिक हवलदार राजेंद्र सिंह नेगी विगत आठ जनवरी को जम्मू-कश्मीर के गुलमर्ग में लापता हो गया।
खबरों के अनुसार सेना का कहना है कि सैनिक राजेंद्र गलती से फिसलकर पाकिस्तान सीमा में चला गया। लेकिन अभी तक सैनिक का कोई अता-पता नहीं चल पाया है। उन्होंने प्रदेश सरकार को सैनिक की वापसी के लिए ठोस कदम उठाते केंद्र सरकार से पाक पर कड़ा दबाव बनाने की अपील की। इस अवसर पर छात्रसंघ सचिव गोपाल नेगी, आकाश रावत, मोहित सिंह, शोभित ठाकुर, अयाज, नीरज पंत आदि मौजूद थे।