मंगलौर में पुलिस कस्टडी से फरारी के दौरान सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ाकर घायल करने के आरोपी को जौरासी के जंगलों से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है। आरोपी शुक्रवार को पुलिस कस्टडी से फरार हो गया था और एक सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। सिपाही का एम्स में उपचार चल रहा है।
लक्सर कोतवाली पुलिस ने 25 अक्तूबर को क्षेत्र में गोकशी की सूचना पर छापामारी की थी। इस बीच आरोपी जौरासी निवासी शहजान पुत्र जीशान मौके से फरार हो गया था। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ केस दर्ज कर लिया था। बृहस्पतिवार की रात लक्सर पुलिस ने गांव में दबिश देकर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया था।
शुक्रवार को लक्सर कोतवाली के दो सिपाही बलदेव सिंह व त्रेपन उसे बाइक पर रुड़की जेल में शिफ्ट करने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी बाइक लंढौरा से आगे निकली तो आरोपी ने बाइक गिरा दी थी और भागने लगा। सिपाहियों ने उसका पीछा किया तो आरोपी ने पास में खड़े ट्रैक्टर को स्टार्ट कर सिपाहियों के पीछे दौड़ा दिया था। इस दौरान सिपाही त्रेपन ने भागकर अपनी जान बचाई थी, जबकि आरोपी ने सिपाही बलदेव सिंह के ऊपर ट्रैक्टर चढ़ा दिया था। इसमें सिपाही गंभीर रूप से घायल हो गया था।
आरोपी कुछ दूरी पर ट्रैक्टर छोड़कर फरार हो गया था। सिपाही को सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। जहां से गंभीर हालत देखते हुए एम्स ऋषिकेश रेफर कर दिया था। सिपाही पर ट्रैक्टर चढ़ाने के मामले में महकमे में खलबली मच गई थी। पुलिस अधिकारियों ने आरोपी को जल्द पकड़ने के निर्देश दिए थे। तभी से पुलिस आरोपी की जौरासी जंगल में तलाश कर रही थी। लंढौरा पुलिस चौकी इंचार्ज रणवीर सिंह चौहान ने बताया कि आरोपी को शनिवार की दोपहर जौरासी के जंगल से गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर जेल भेज दिया है।