पिथौरागढ़ समेत गढ़वाल और कुमाऊं के कई इलाकों में देर रात से भारी बारिश हो रही है। इसके चलते हाईवे पर भूस्खलन का भी खतरा बना हुआ है। वहीं मौसम विभाग ने आज पूरे प्रदेश में भारी बारिश की संभावना जताई है। इलाकों में गरज और चमक के साथ हल्की बारिश होने का अनुमान है। मौसम केंद्र निदेशक बिक्रम सिंह ने बताया कि राजधानी दून में भी बादल छाए रहने के आसार हैं।
चार दिन बाद खुली पिथौरागढ़ जिले की लाइफ लाइन
पहाड़ी कटिंग के लिए 11 जुलाई की सुबह बंद की गई पिथौरागढ़-घाट सड़क पर 84 घंटे बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है। एनएच पर यातायात सुचारु होने से सीमांत के लोगों ने राहत महसूस की है।
एनएच के बंद होने से पिथौरागढ़ के लोगों को थल-बेड़ीनाग रूट से 73 किलोमीटर की अतिरिक्त दूरी तय कर हल्द्वानी पहुंचना पड़ रहा था। सड़क को 14 जुलाई की सुबह नौ बजे खोलने का दावा किया गया था, लेकिन 13 जुलाई की शाम को कटिंग के दौरान पहाड़ी से सड़क पर मलबा और बोल्डर आ गए। इससे सड़क को खोलने में 12 घंटे अतिरिक्त लग गए। रविवार की रात नौ बजे के बाद वाहनों की आवाजाही शुरू हो सकी।