देहरादून। उत्तराखंड डाक परिमंडल की ओर से अखिल भारतीय डाक कैरम प्रतियोगिता-2019 का सोमवार को आगाज हो गया। पहले दिन पुरुष एकल वर्ग में हुए मुकाबलों में छत्तीसगढ़, उत्तर प्रदेश, कर्नाटक, तमिलनाडु, महाराष्ट्र, ओडिशा व बिहार ने जीत दर्ज कर अगले दौर में प्रवेश किया। वहीं, महिला वर्ग में भी मुकाबले खेले गए। पुरुष व महिला वर्ग में उत्तराखंड को हार का सामना करना पड़ा है।
ओएनजीसी कम्युनिटी सभागार में आयोजित प्रतियोगिता का शुभारंभ रंगारंग प्रस्तुतियों से किया गया। इसमें स्कूली छात्राओं ने सरस्वती वंदना, नृत्य पेश किया। मुख्य अतिथि अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित ओलंपिक एथलीट चित्रा सोमन ने कहा कि अच्छा खिलाड़ी बनने के लिए पहले अच्छा इंसान बनना जरूरी है। हमें खेल एवं अनुशासन भावना से खेल में प्रतिभाग करना चाहिए। इसके बाद हुए मुकाबलों में छत्तीसगढ़ ने तेलंगाना, उत्तर प्रदेश ने पश्चिम बंगाल, कर्नाटक ने उत्तराखंड, तमिलनाडु ने असम, महाराष्ट्र ने गुजरात, ओडिशा ने मध्य प्रदेश, बिहार ने असम को हराया। महिला एकल वर्ग में तमिलनाडु ने गुजरात, तेलंगाना ने उत्तराखंड, असम ने गुजरात, बिहार ने उत्तराखंड को हराया। इस अवसर पर सचिव ईडब्ल्यूसी ओएनजीसी संजय भट्ट, चीफ पोस्टमास्टर जनरल कर्नल सुखदेव राज, निदेशक डाक सेवाएं एसके राय, सहायक पोस्टमास्टर जनरल अनुसूया प्रसाद चमोला व कई अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।